1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 30 लाख दो या किडनी दे दो! बीमारी छिपाकर शादी करने वाले पति पर पत्नी का गंभीर आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR

30 लाख दो या किडनी दे दो! बीमारी छिपाकर शादी करने वाले पति पर पत्नी का गंभीर आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR

 Published : Apr 06, 2026 08:09 pm IST,  Updated : Apr 06, 2026 08:17 pm IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक और किडनी काण्ड सामने आया है। बीमारी छिपाकर शादी करने वाले पति पर पत्नी ने गंभीर आरोप लगाया है। पत्नि ने पति पर 30 लाख रुपये या किडनी की डिमांड करने का आरोप लगाया है।

uttar pradesh Kanpur husband wife kidney- India TV Hindi
कानपुर में महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के कानपुर में अभी एक बहुचर्चित किडनी काण्ड का मामला शांत भी नही हुआ था कि किडनी से जुड़े एक और मामले ने पुलिस महकमे को हैरान कर दिया है। कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें शादी से पहले पति की गंभीर किडनी बीमारी छिपाने और बाद में पत्नी से 30 लाख रुपये या अपनी किडनी दान करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित महिला ने अपने पति निशांत कुमार और ससुराल पक्ष के खिलाफ कानपुर के चकेरी थाने में पुलिस के सामने शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित पत्नी के अनुसार, उनकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ के निशांत कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद पति का व्यवहार काफी असामान्य पाया गया। वह लंबे समय तक सामान्य वैवाहिक जीवन नहीं जी पा रहे थे। जब महिला ने इस बारे में पूछताछ की, तो पति ने टालमटोल किया और यहां तक कि दूसरी शादी करने की बात भी कह दी। पति लगातार दवाइयां लेता रहता था और घंटों बाथरूम में समय बिताता था, जिससे महिला को शक हुआ। इसपर जब महिला ने गुप्त रूप से पति की मेडिकल फाइल्स की जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि निशांत कुमार की दोनों किडनी पहले से ही खराब थीं और वह शादी से काफी पहले से इसका इलाज करा रहे थे। परिवार ने यह महत्वपूर्ण जानकारी शादी से पहले जानबूझकर छिपाई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों ने उस पर 30 लाख रुपये लाने या पति के लिए स्वस्थ किडनी की व्यवस्था करने का खुला दबाव बनाया। जब महिला ने इस बात का विरोध किया, तो उसे गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बनाया गया।

अवैध संबंध का भी आरोप

महिला ने यह भी बताया कि पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, लेकिन परिवार ने उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। अक्टूबर 2024 में जब वह अपने मायके जाने की तैयारी कर रही थी, तब ससुराल पक्ष ने उसके बैग की तलाशी ली और उसमें रखे सभी गहने निकाल लिए। इसके बाद महिला मायके चली आई और तब से वहीं रह रही है।

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

मामले में महिला के गंभीर आरोपों के आधार पर एसीपी चकेरी अभिषेक पाण्डेय के निर्देश पर इस मामले में FIR दर्ज कर ली गयी है। पीड़िता ने तहरीर के आधार पर चकेरी थाने में अपने पति निशांत कुमार (लखनऊ निवासी), ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। मुकदमे में दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, धमकी और धोखाधड़ी से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।

मामले पर ACP चकेरी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने महिला के आरोपो की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- महिला कांस्टेबल और बच्चे को जिंदा जलाकर मार डाला, पति ने क्लेम के पैसों के लिए रची मौत की खौफनाक कहानी

लुका-छिपी के खेल ने छीनी मासूम की जिंदगी, बेड के बॉक्स में बंद होने से 2 साल की बच्ची की मौत, परिवार में पसरा मातम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।