Wednesday, February 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: बिजनौर में चिकन फ्राई खाने को लेकर बारात में 3 बार मारपीट, 15 लोग घायल, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह

यूपी: बिजनौर में चिकन फ्राई खाने को लेकर बारात में 3 बार मारपीट, 15 लोग घायल, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह

Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
Published : Nov 03, 2025 01:47 pm IST, Updated : Nov 03, 2025 01:48 pm IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में चिकन फ्राई खाने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच 3 बार मारपीट हुई, जिसमें करीब 15 लोग घायल हुए हैं। हालात ये हो गए कि पुलिस की मौजूदगी में निकाह करना पड़ा।

Bijnor- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चिकन फ्राई खाने को लेकर बारात में 3 बार मारपीट

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक निकाह समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया जब चिकन फ्राई को लेकर बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। मामूली विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें करीब 15 लोग घायल हो गए। पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में निकाह की रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन को विदा किया गया।

क्या है पूरा मामला?

घटना नगीना इलाके के मझेड़ा तीबड़ी स्थित फलक मैरिज हॉल की है। बताया जा रहा है कि कोटरा गांव से बारात पहुंची थी। जब दुल्हन पक्ष के लोग खाना परोस रहे थे, तो कुछ बारातियों ने शिकायत की कि उन्हें चिकन फ्राई कम दिया जा रहा है। यह सुनकर दुल्हन पक्ष ने गुस्से में उनकी प्लेटें भर-भरकर चिकन फ्राई से लबालब कर दीं। इस पर बाराती भड़क उठे और बोले—“तमीज से खाना परोसो।” इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे।

हालात इतने बिगड़ गए कि बारात में मौजूद बुजुर्गों और अन्य लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। किसी तरह मामला शांत हुआ तो फिर बाराती खाने पर टूट पड़े और कुछ देर में सारा खाना खत्म कर दिया। जब चिकन खत्म हो गया तो उन्होंने दोबारा से चिकन फ्राई की मांग करते हुए फिर से हंगामा शुरू कर दिया। तीन बार झगड़ा होने के बाद पुलिस को बुलाना पड़ा।

दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष के लोगों पर लगाया आरोप

दूल्हा पक्ष का कहना है कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने खुद चिकन पर धावा बोल दिया था और बारातियों को ठीक से सर्व नहीं किया गया, जिससे विवाद बढ़ गया। वहीं, दुल्हन पक्ष का कहना है कि बारातियों ने बिना बात माहौल बिगाड़ा। अंत में पुलिस और स्थानीय धर्मगुरुओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

निकाह की रस्में पुलिस की मौजूदगी में पूरी की गईं और दुल्हन की विदाई कराई गई। झगड़े में घायल 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। नगीना इंस्पेक्टर अवनीत मान ने फोन पर जानकारी दी कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि निकाह समारोह में हंगामे की असली वजह क्या थी। (बिजनौर से रोहित त्रिपाठी)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement