1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: शादी समारोह में दूल्हे की मौत, दुल्हन की विदाई की रस्म के वक्त हुई घटना, चंद घंटों में उजड़ा सुहाग

यूपी: शादी समारोह में दूल्हे की मौत, दुल्हन की विदाई की रस्म के वक्त हुई घटना, चंद घंटों में उजड़ा सुहाग

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 14, 2025 09:15 am IST,  Updated : May 14, 2025 09:15 am IST

यूपी के फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे की ही मौत हो गई। इस घटना से समारोह में हड़कंप मच गया।

Fatehpur- India TV Hindi
दूल्हे की मौत Image Source : INDIA TV

फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर में एक शादी समारोह खुशी की जगह मातम के माहौल में तब्दील हो गया। यहां शादी के बाद जब विदाई की रस्म हो रही थी, इसी दौरान दूल्हे की मौत हो गई। दुल्हन की मांग का सिंदूर महज कुछ घंटों में ही उजड़ गया। इस घटना से पूरे परिवार में हाहाकार मच गया और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्या है पूरा मामला?

यूपी के फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक शादी के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां विदाई की रस्म के दौरान दूल्हे की अचानक मौत हो गई। दूल्हा मोनू गौतम बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 

बताया जा रहा है कि औंग थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ने अपनी बेटी की शादी कानपुर नगर के नौबस्ता इलाके के निवासी श्याम सुंदर के बेटे मोनू गौतम से तय की थी। बारात पूरे धूमधाम से लड़की के गांव पहुंची और दूल्हे के वहां पहुंचते ही गांव में बड़े हर्ष के साथ दुल्हन पक्ष ने उनका सत्कार किया। 

कार्यक्रम में डीजे की धुन पर दूल्हे सहित दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों ने जमकर डांस किया और जयमाला की रस्म अदा हुई। रात में दूल्हे ने दुल्हन के साथ सात फेरे लिए। शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद जब दुल्हन की विदाई का कार्यक्रम चल रहा था और दुल्हन कार में बैठ चुकी थी, इसी दौरान दूल्हा बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। 

आनन-फानन में लोगों ने दूल्हे के ऊपर पानी की छींटे डाले और उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन हालात खराब देख सभी लोग दूल्हे को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दूल्हे को रेफर कर दिया। दूल्हे को कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। 

दूल्हे की मौत के बाद विदाई रोक दी गई और लड़की पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि दूल्हे की बीमारी की जानकारी उनसे छिपाई गई थी। उन्होंने दहेज समेत शादी में दिया गया सारा सामान वापस मांगा। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। (इनपुट: उमेश चन्द्रा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।