1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण का मामला, हिंदू युवक को मुस्लिम बनाकर नमाज पढ़वाने और जबरन गाय का मांस खिलाने के लगे आरोप

यूपी: मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण का मामला, हिंदू युवक को मुस्लिम बनाकर नमाज पढ़वाने और जबरन गाय का मांस खिलाने के लगे आरोप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 19, 2026 11:55 pm IST,  Updated : Apr 20, 2026 12:20 am IST

यूपी के मुजफ्फरनगर में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है और आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी गई है।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
यूपी के मुजफ्फरनगर में धर्म परिवर्तन का मामला Image Source : REPORTER INPUT

मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण के आरोप सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। दरअसल मुजफ्फरनगर में उस समय बखेड़ा खड़ा हो गया, जब एक हिंदू युवक का जबरन धर्मांतरण कराकर नमाज पढ़ाने के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त से सख्त करवाई करने की मांग करते हुए ये चेतावनी दी कि जल्दी ही अगर इसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू संगठन के लोग इस मामले को लेकर आंदोलन करेंगे।

इसको लेकर पुलिस ने आनन फानन में इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हरिद्वार निवासी राकेश शर्मा नाम का एक युवक पिछले तकरीबन 15 सालों से भोपा थाना क्षेत्र के भैकारेडी गांव में अफसर नाम के व्यक्ति के घर रहकर घरेलू काम करता आ रहा था।

आरोप है कि कुछ दिन पूर्व अफसर ने पीड़ित युवक राकेश का धर्मांतरण कराकर उसे नमाज पढ़ाते हुए जबरन गाय का मांस भी खिलाया। इस दौरान पीड़ित युवक राकेश शर्मा की मस्जिद में नमाज पढ़ने की कुछ वीडियो भी अचानक से सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। 

इसके बाद हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात भोपा थाने में जाकर पुलिस का घेराव करते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जब कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस के सामने पीड़ित युवक से बातचीत की गई और उन वायरल वीडियो को पुलिस को दिखाया गया तो इस मामले में पुलिस ने भी तुरंत आनन-फानन में आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

इस मामले को लेकर हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को ये चेतावनी भी दी है कि जिन लोगों के घर पीड़ित युवक राकेश शर्मा रह रहा था और जिस मौलाना ने ये धर्म परिवर्तन कराया है, अगर जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

हिंदू संघर्ष समिति के लोगों ने तो यहां तक आरोप लगाया है कि विदेशों से फंडिंग कर मुजफ्फरनगर में जबरन हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराने का षड्यंत्र चल रहा है।

हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक ने क्या कहा?

हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पवार का आरोप है कि राकेश शर्मा नाम के युवक का धर्म परिवर्तन करवाया गया है। उसको नमाज पढ़ाई गई और गौ मांस खिलाया गया। हमको जैसे ही जानकारी मिली हम तुरंत पहुंचे। जब साक्ष्य के आधार पर हमने बात की तो पुलिस ने हमारी बात सुनी। हमको पूरी उम्मीद है कि इस धर्म परिवर्तन करवाने वाले गैंग का खुलासा होगा। अपराधी सलाखों के पीछे जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि फंडिंग के आधार पर हमारे जनपद में धर्मांतरण का गैंग चल रहा है।

SSP मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा का भी सामने आया बयान

SSP मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने कहा कि नियमानुसार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही साथ सीओ भोपा और एसएचओ भोपा ने टीम बनाई हुई है। साक्ष्य व तथ्य एकत्रित किए जा रहे हैं। (रिपोर्ट- योगेश त्यागी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।