कौशांबी: यूपी के कौशांबी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के नेशनल हाईवे के किनारे एक बक्से से महिला की लाश बरामद हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
कौशांबी जिले में नेशनल हाईवे किनारे एक बक्से में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पास नेशनल हाईवे का है, जहां बुधवार शाम करीब 8 बजे एक अज्ञात वाहन से कुछ लोग बक्सा फेंक कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसमें एक महिला का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला के हाथ पर सूरज का टैटू बना हुआ है, और jeev लिखा है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने कई टीमों का गठन किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका के साथ सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। महिला का शव जिस बक्से से मिला है, वह बक्सा बिल्कुल नया लग रहा है। संदेह है कि उसे हत्या के बाद लाश को रखने के लिए ही खरीदा गया हो। हालांकि पूरा मामला तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस घटना में एएसपी राजेश सिंह का बयान सामने आया है। (रिपोर्ट- अयमान अहमद)