लखनऊः उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। देश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में है। यहां पर पारा 48 डिग्री के पार जा चुका है। शुक्रवार दुनिया के जो पचास सबसे ज्यादा गर्म शहर थे...उनमें से आधे से ज्यादा 26 शहर अकेले उत्तर प्रदेश के हैं। बांदा, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर से लेकर इटावा और मुजफ्फरनगर तक करीब करीब पूरा यूपी इस वक्त तप रहा है। हर जगह टेंपरेचर 45 ड़िग्री से ज्यादा है। मुजफ्फरनगर में तापमान 46 डिग्री से ऊपर है। लोग गर्मी से परेशान हैं।
इन जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट
लखनऊ में मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को 10 जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है, जहां दिन के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।
इन जिलों में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत 34 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जहां लू चलने और गंभीर लू की स्थिति का पूर्वानुमान जताया गया है।
यहां पर गर्मी का येलो अलर्ट
मौसम कार्यालय ने देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदांयू समेत 17 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' भी जारी किया है, जिसमें लू की स्थिति का अनुमान जताया गया है।
अभी और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। प्रयागराज में 46.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी (बीएचयू) में 45.6 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फुर्सतगंज में 45.1 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है।
ये भी पढ़ेंः लखनऊ में बिजली संकट दूर करने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, दूसरे जिलों के 44 अधिशासी अभियंता उपकेंद्रों पर किए गए तैनात
बाहुबलियों को हथियार बांटने पर भड़का हाईकोर्ट, बृजभूषण सिंह से लेकर राजा भैया तक का ब्यौरा मांगा