Tuesday, February 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिस्तर पर केंचुली रखकर प्रेमी के साथ फरार हुई थी लड़की, कोर्ट में बयान से पलटी, बोली- 'परिजनों के साथ घर जाउंगी'

बिस्तर पर केंचुली रखकर प्रेमी के साथ फरार हुई थी लड़की, कोर्ट में बयान से पलटी, बोली- 'परिजनों के साथ घर जाउंगी'

Edited By: Subhash Kumar @ImSubhashojha Published : Feb 17, 2026 08:08 pm IST, Updated : Feb 17, 2026 08:13 pm IST

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बिस्तर पर केंचुली रखकर प्रेमी के साथ फरार होने वाली युवती न्यायालय में बयान पलट गई है। अब युवती ने कहा है कि वह अपने परिजनों के साथ घर जाएगी।

Auraiya girl snake Kechuli- India TV Hindi
Image Source : REPORTER प्रेमी के साथ फरार होने वाली लड़की कोर्ट में पलटी।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के सींगनपुर गांव में फिल्मी ड्रामा में प्रेमी के साथ फरार हुई लड़की के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। सोमवार को पुलिस ने 183 बीएनएसएस (कलम बंद बयान) के लिए जब लड़की को जिला न्यायालय में पेश किया तो कोर्ट में बयान देने के बाद लड़की ने इंडिया टीवी को बताया कि वह अपने घर जाना चाहती है। वह उस लड़के के साथ कैसे गई उसे नहीं पता। बता दें कि बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने के बाद इलाके में अफवाह फैल गई थी कि लड़की नागिन बन गई है।

बयान से मुकर गई युवती

बिस्तर पर सांप की केंचुली रखने वाली बात पर भी युवती अनजान बन गई। जबकि बीते शुक्रवार को लड़की ने फफूंद थाने में आकर लड़के के साथ ही रहने की बात कही थी। युवती ने कहा था कि उसने कानपुर में आर्य समाज मंदिर में शादी की थी जिसकी फोटो भी उसने दिखाई थी। युवती ने कहा था कि परिजनों ने ही केंचुली रखकर लड़की के नागिन बनने की बात का नाटक किया था। आज लड़की अपने इस बयान से मुकर गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सींगनपुर गांव निवासी 21 वर्षीय रीना (पुत्री राकेश) का गांव में ही युवक से प्रेम प्रसंग था। उसके परिजन कहीं और शादी तय कर रहे थे जिससे रीना नाखुश थी। बस इसी बात को लेकर रीना अपने प्रेमी श्याम शर्मा के साथ फरार हो गई। सुबह घर वालों ने बताया कि बिस्तर पर सांप की केंचुली रखी है और लड़की के गहने आदि भी। इसके बाद गांव में खबर फैल गई कि लड़की की नागिन बन गई है। इस बात पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हुई है। लड़की के पिता ने रात में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

पहले युवती ने क्या कहा था?

लड़की के नागिन बनने का ड्रामा करके प्रेमी के साथ फरार होने की खबर देश भर में सुर्खियां बटोरने लगी। इसके बाद लड़की ने इंस्टाग्राम में एक वीडियो अपलोड कर जानकारी दी कि वह अपनी मर्जी से गई और उसने प्रेमी श्याम शर्मा से शादी कर ली है। पुलिस सर्विलांस से पता करने में जुटी थी। लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे थे।

सपने में सांप आता था- युवती

इस बीच लड़की शुक्रवार की सुबह फफूंद थाने में आ गई। रीना ने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। उसने बिस्तर पर केंचुली रखकर भागने का कोई ड्रामा नहीं किया। यह सब उसके घर वालों ने किया है। वह तो ऐसे ही रात में प्रेमी के साथ चली गई थी। रीना ने बताया कि उसके सपने में सांप आता था और एक सांप उसके साथ लेटता था। यह बात उसने घर वालों को बताई थी। युवती ने बताया कि एक सांप की केंचुली थी जिसे उसने घर पर रख दिया था। उसी केंचुली को बिस्तर पर रखकर घर वालों ने ड्रामा कर दिया है।

युवती ने कही घर जाने की बात

सोमवार को रीना को कलमबंद बयान के लिए न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से निकलने के बाद रीना ने इंडिया टीवी को बताया कि वह अपने घर जाना चाहती है। पूछने पर रीना ने बताया कि वह नहीं जानती कि वह कैसे गई, उसे होश नहीं था। बिस्तर पर सांप की केंचुली वाली बात भी नहीं जानती। कोर्ट परिसर में वह घर जाने की ही रट लगाती रही। अधिवक्ता सुरेश मिश्रा का कहना है कि लड़की बालिग है। वह अपनी मर्जी से कहीं जाने के लिए स्वतंत्र है। (रिपोर्ट: दीपेंद्र सिंह)

ये भी पढ़ें- लड़की बन गई नागिन..., बिस्तर पर मिली केंचुली तो गांव में फैली अफवाह, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

यूपी: गोरखपुर के रेलवे स्टेशन पर सजावट के लिए लगा था हरा गुंबद, लोग उसके नीचे पढ़ने लगे नमाज, प्रशासन ने रातों-रात हटवाया

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement