1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पुलिस को ही लगा दिया चूना, यूपी में फर्जी हस्ताक्षर, मुहर दिखाकर थाने से उड़ा ले गए पत्थर लदा ट्रक

पुलिस को ही लगा दिया चूना, यूपी में फर्जी हस्ताक्षर, मुहर दिखाकर थाने से उड़ा ले गए पत्थर लदा ट्रक

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 26, 2025 01:24 pm IST,  Updated : May 26, 2025 02:03 pm IST

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में फर्जी हस्ताक्षर, विभाग की मोहर दिखाकर थाने से पत्थर लदा ट्रक उड़ा ले जाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS/PTI

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर व्यक्ति ने पुलिस वालों को ही चूना लगा दिया है। भदोही में खनन डिपार्टमेंट के खनन इंस्पेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर लगाकर फर्जी आदेश दिखाकर पुलिस थाने में खड़े ट्रक को छुड़ा लिया गया है। ये ट्रक पत्थर से लदा हुआ था। अब पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सिद्धनाथ पाल नाम का शख्स बिना परिवहन प्रपत्र के एक ट्रक को ले जा रहा था। पुलिस ने इस ट्रक को जब्त किया और 22 मई को औराई थाना को सौंप दिया था। पत्थर से लदे इस ट्रक को थाना परिसर में रखा गया था। हालांकि, सिद्धनाथ पाल ने 22 मई को ट्रक से संबंधित फर्जी अवमुक्त आदेश पेश किया। इस आदेश पर खान निरीक्षक के हस्ताक्षर और जिला अधिकारी कार्यालय के खनन अनुभाग की मोहर लगी थी।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

पुलिस अधिकारी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस घटना का खुलासा तब हुआ जब ट्रक को छुड़ाने के लिए कथित तौर पर खनन विभाग से जारी आदेश को पुष्टि के लिए जिला अधिकारी कार्यालय (खनन अनुभाग) भेजा गया। फर्जी आदेश पेश करने के आरोप में मिर्जापुर के सिद्धनाथ पाल नाम के सख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पूरी तरह फर्जी था आदेश

पुलिस के मुताबिक, आदेश देखने के बाद ट्रक और उसपर लदे माल को उसी रात सिद्धनाथ पाल को सौंप दिया गया था। इसके बाद 23 मई को आदेश की कॉपी को खान अधिकारी को भेजा गया। तब खान अधिकारी ने बताया कि ट्रक के मालिक द्वारा खनिज अनुभाग के अधिकारी के सामने ट्रक को छुड़ाने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया था। ये आदेश पूरी तरह फर्जी था। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- UP: भाजपा जिलाध्यक्ष पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप, पार्टी ने भेजा कारण बताओ नोटिस

लखनऊ में दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, खाने को लेकर हुआ था विवाद, CCTV फुटेज आया सामने

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।