उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर ड्रमंडगंज घाटी से उतर रहे एक ट्रक का ब्रेक फेल होग गया जिसके बाद ट्रक ने आगे चल रही कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार में आग लग गई जिसमें कई लोगों के जिंदा जलने की खबर है। मिर्जापुर के पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में अब तक कुल मिलाकर 11 लोगों की मौत हो चुकी है। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर थाना ड्रमंडगंज घाटी पर आज देर शाम घाटी से नीचे की ओर उतर रहे ट्रक का ब्रेक अचानक से फेल हो गया। फिर ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने आगे चल रहे बोलेरो व कार सहित कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से अन्दर की ओर घुस गयी, जिससे कार में भीषण आग लग गयी। हादसे में कार सवार करीब आधा दर्जन लोग जिंदा जल गए। वहीं, दुर्घटना में कुल 11 लोगों की मौत हुई है।
मध्य प्रदेश की तरफ से आ रहा था ट्रक
ये दर्दनाक दुर्घटना ड्रमंडगंज घाटी में बड़का मुड़ान पर घाटी उतरते समय ट्रक का ब्रेक फेल होने से हुई। बताया गया है कि ट्रक मध्य प्रदेश की तरफ से चना लाद कर मिर्जापुर की ओर आ रहा था। ड्रमंडगंज घाटी से उतरते समय बड़का घुमान मोड़ पर ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे उसकी आगे चल रही बोलेरो में जोरदार टक्कर हुई, फिर स्विफ्ट डिजायर कार में टक्कर हुई, जिसकी वजह से स्विफ्ट डिजायर कार आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी और भीषण आग लग गयी। इस कारण कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गयी। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर
कार में भीषण आग लगी देख हर तरफ चीख पुकार मच गई, लेकिन टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग की वजह से कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया, और करीब आधा दर्जन लोग जिंदा जल गए। बोलेरो सवार कुछ लोगों के भी जिंदा जलने की आशंका है। हादसे में कुल 11 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई। (रिपोर्ट: मेराज खान)
ये भी पढ़ें- गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 4 साल की भतीजी से बलात्कार और हत्या का आरोपी ढेर, परिवार ने शव लेने से किया इनकार
OMG! उधर IPL में हो रहा मैच, इधर कानपुर में चल रहा था अलग ही खेल, पुलिस को करनी पड़ गई रेड