1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों की दबंगई, रेस्टोरेंट में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई, सामने आया Video

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों की दबंगई, रेस्टोरेंट में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई, सामने आया Video

 Reported By: Imran Laeek Edited By: Subhash Kumar
 Published : Mar 20, 2026 11:01 am IST,  Updated : Mar 20, 2026 12:30 pm IST

यूपी के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों की दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के एक रेस्टोरेंट में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई की गई है जिसका Video सामने आया है।

prayagraj atique ahmed gang clash- India TV Hindi
प्रयागराज में अतीक के गुर्गों की दबंगई। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों दबंगई एक बार फिर से सामने आई है। अतीक के गुर्गों द्वारा खुल्दाबाद में एक रेस्टोरेंट में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई की गई है जिसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, दंबंगों द्वारा रुदापुर के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर मुजम्मिल (उम्र- 45 वर्ष) के साथ मारपीट की गई है।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के मुताबिक, मारपीट की ये घटना 17 मार्च की रात 11:30 बजे की है। मुजम्मिल अपने मामा मोहम्मद जसीम के साथ खुल्दाबाद के अटाला में कबाब पराठे की दुकान पर गया था। इसी दौरान नवाबगंज का मोहम्मद साकिब अपने 10-12 साथियों के साथ आ गया। आते ही उसने गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी। प्रॉपर्टी डीलर मुजम्मिल को लहूलुहान कर जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर फरार हो गए।

सामने आया वीडियो

अतीक अहमद के गुर्गों द्वारा मारपीट की ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि रेस्टोरेंट में घुसे लगभग एक दर्जन गुर्गों ने किस तरह से तांडव किया, पहले प्रॉपर्टी डीलर को घसीटा और फिर भीड़ के सामने लात घूसे मारे। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है।पुलिस के मुताबिक मारपीट के आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पीड़ित ने क्या बताया?

पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर मुजम्मिल के मुताबिक, साकिब नाम के व्यक्ति से उसका जमीनी विवाद चल रहा है। साकिब पर कई मुकदमे दर्ज हैं, 2011 में नवाबगंज में हुए डबल मर्डर का भी आरोपी है। मौजूदा समय में साकिब जमानत पर चल रहा है। असरौली के कुख्यात माशूक प्रधान का बेटा सऊद भी मारपीट में शामिल था। इसके अलावा हटवा का फैज अख्तर, असरौली का मोहम्मद आमिर,तालाब तिवारी का मोहम्मद हंजला और सरैया का रहने वाला मोहम्मद अम्मार के साथ कुछ अज्ञात लोग शामिल थे।

पुलिस ने अब तक क्या किया?

मारपीट की घटना के बाद डायल 112 पर सूचना देने पर पुलिस आई थी। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर मुजम्मिल की तहरीर पर खुल्दाबाद थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन घटना के तीन दिन बाद अब तक किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जबकि मारपीट की पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। (रिपोर्ट: इमरान लईक)

ये भी पढ़ें- लव जिहाद की 'मास्टरमाइंड' फिजा ने खोले विदेशी फंडिंग के राज, जाल में फंसाने का किया खुलासा

VIDEO: नाबालिग के अपहरण की जांच में ली 7 हजार की घूस, कैमरे में कैद हुई रिश्वतखोर महिला SI की करतूत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।