उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बड़ी घटना सामने आई है। यहां पर एक प्राइवेट स्कूल आला हसनैन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के प्रोग्राम के दौरान छज्जा गिर जाने से एक बच्चे की जहां मौत हो गई तो वहीं दो बच्चे घायल हो गए। संभल के इस स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण के बाद बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहा था। कुछ बच्चे स्कूल के मेन गेट पर बने छज्जे पर चढ़ गए और इसी दौरान ज्यादा भार होने से छज्जा गिर गया। इस घटना की सूचना मिलने पर तुरंत एसडीएम , सीओ और थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं बाद में सुबह 11:25 बजे डीएम अंकित खंडेलवाल, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बीएसए अलका शर्मा भी मौके पर पहुंची।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
संभल में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्राइवेट स्कूल आला हसनैन पब्लिक स्कूल में जब ध्वजारोहण के बाद बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई तो स्कूल के मेन गेट पर बने छज्जे में कई बच्चे वहां पर पहुंचकर झंडा लहराने लगे। वहीं इसी दौरान कुछ बच्चे उस छज्जे के नीचे भी खड़े हुए थे। इसी दौरान छज्जे पर अधिक भार होने की वजह से वह अचानक ढह गया। इस हादसे में छह साल के निजामम पुत्र नईम की मौत हो गई। वहीं घायल बच्चों की पहचान सातवीं कक्षा के 11 साल के सैफ अली पुत्र साबुन और पांचवीं कक्षा के 10 साल के शैदाना पुत्र इमरान के रूप में हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें जब छज्जा गिरा तो थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी भरा माहौल भी देखने को मिला।
घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है
स्कूल का छज्जा गिरने की इस घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था और बच्चे इसे देखने के लिए जमा थे, तभी स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। छज्जे के नीचे दबने से बच्चे घायल हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां निजाम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निजाम के परिजनों में इस घटना के बाद गहरा शोक है। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि घायल बच्चों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुए इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें
लखनऊ में महिला ने पूर्व पति की तवे से हमला कर की हत्या, पुलिस ने हिरासत में लिया
नोएडा में घर में सो रहे पिता की नाबालिग ने की हत्या, खुद मेट्रो के सामने आकर किया सुसाइड