1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी: BHU कैंपस में जमकर बवाल, छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भिड़ंत, पत्थरबाजी में कई घायल, पुलिस ने खदेड़ा

वाराणसी: BHU कैंपस में जमकर बवाल, छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भिड़ंत, पत्थरबाजी में कई घायल, पुलिस ने खदेड़ा

 Reported By: Ashwini Tripathi, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Dec 03, 2025 06:46 am IST,  Updated : Dec 03, 2025 07:25 am IST

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में बीती रात जमकर हंगामा हुआ। यहां छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भिड़ंत हो गई, जिसकी वजह से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को सामान्य करवाया।

BHU- India TV Hindi
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में बीती रात जमकर हंगामा Image Source : REPORTER INPUT

वाराणसी: यूपी के वाराणसी में BHU (बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी) कैंपस के अंदर जमकर बवाल हुआ है। यहां छात्रों का बड़ा हुजूम और सुरक्षाकर्मी आमने-सामने आ गए, जिसकी वजह से जमकर पत्थरबाजी और भिड़ंत हुई। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात को सामान्य करवाया गया।

क्या है पूरा मामला?

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी का कैंपस बीती रात फिर युद्ध का मैदान बन गया और यहां बिड़ला छात्रावास और राजराम हॉस्टल के छात्र आमने-सामने आ गए। राजराम हॉस्टल के छात्र की बाइक से टक्कर से नाराज छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर डाला। इसके बाद नाराज छात्रों ने पत्थरबाजी भी की। इस दौरान छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भी जमकर संघर्ष हुआ। हंगामे की सूचना पर प्रॉक्टर और पुलिस कैंपस पहुंची और हालात पर काबू पाया।

देर रात BHU के छात्र और सुरक्षाकर्मियों में जमकर पत्थरबाजी हुई। जब छात्र एलडी गेस्ट हाउस के सामने पहुंचे तो कैंपस में लगाए गए जीमेल को भी तोड़ दिया। तत्काल छात्रों के बवाल की सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर कई थानों की फोर्स को बुलाकर छात्रों को हॉस्टल की ओर खदेड़ा गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक पूरे कैंपस में तनाव की स्थिति बनी रही।

मिली जानकारी के मुताबिक, BHU कैंपस में छात्र और सुरक्षाकर्मी उस वक्त आमने-सामने आ गए, जब मुंह बांधे कुछ छात्र, एक दूसरे छात्र को घेरकर मार रहे थे। तभी वहां पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को पकड़कर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के हवाले कर दिया। इसके बाद कई छात्र हॉस्टल से आए और सुरक्षाकर्मियों पर टूट पड़े। कई गार्डों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं हैं। 

10 से ज्यादा छात्रों के घायल होने की खबर

दूसरी ओर छात्रों ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके ऊपर लाठीचार्ज किया, जिसके चलते 10 से ज्यादा छात्र घायल हो गए हैं। इसके बाद छात्रों ने हॉस्टल से निकलकर कुलपति आवास के बाहर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। इस दौरान विवाद बढ़ता गया और अचानक से पत्थरबाजी होने लगी। गुस्साए छात्रों ने एलडी गेस्ट हाउस चौराहे पर पहुंचकर सजावटी गमले तोड़ दिए। बवाल बढ़ता देख प्रॉक्टर ऑफिस ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर करीब 2 घंटे की मेहनत के बाद हालात पर काबू पाया जा सका।

इस घटना पर भेलूपुर के ACP गौरव कुमार का बयान भी सामने आया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।