वाराणसी में आधी रात के बाद एक बंद दरवाजे के पीछे चल रहे जुए के खेल पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि अंदर बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सिगरा इलाके में एक बड़े जुए के अड्डे पर बुधवार देर रात DCP क्राइम और SOG-2 की टीम ने सिगरा पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। मौके से 47 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने अब तक करीब 10 लाख रुपये नकद, 100 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां और जुए से जुड़े हिसाब-किताब के रजिस्टर बरामद किए हैं।
बड़े हॉल में कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक, सिगरा थाना क्षेत्र में काफी समय से बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना में एक ऐसे अड्डे का जिक्र था, जहां कथित तौर पर बड़ी रकम दांव पर लगाई जाती थी। इसके बाद SOG-2 की टीम ने छापेमारी की योजना तैयार की और बुधवार रात अड्डे की घेराबंदी की गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो उसने पहले दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को संदेह हुआ और टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही पुलिसकर्मियों को एक बड़े हॉल में कई लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस के अनुसार, टेबलों पर ताश के पत्ते और नकदी मौजूद थी और बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही थी।
पुलिस की हिरासत में 47 लोग
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण उन्हें भागने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने कुल 47 लोगों को हिरासत में लिया। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन भी मिले। पुलिस ने करीब 100 मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए हैं। इसके अलावा मौके से नकदी और जुए के लेन-देन से संबंधित रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं। बरामद नकदी की गिनती का काम देर तक जारी रहा, जिसके चलते रकम बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने अपने प्रभाव और पहचान का हवाला देकर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की और फोन करने का प्रयास किया। हालांकि, टीम ने किसी की बात नहीं मानी और सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। छापेमारी के बाद डीसीपी क्राइम नीतू कादयान भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से मामले में BNS की संबंधित धाराओं के साथ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की बात कही गई है।
(रिपोर्ट: अश्वनी त्रिपाठी)
यह भी पढ़ें:
सड़क किनारे खड़ी कार, मुंह से झाग और थमीं सांसें, गाजियाबाद में 51 वर्षीय कारोबारी की संदिग्ध मौत
दिल्ली में कारोबारी के फ्लैट से 2.5 करोड़ की नकदी और ज्वेलरी की चोरी, ऑस्ट्रेलिया गया हुआ था परिवार