Thursday, March 05, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. उपराष्ट्रपति ने भरे मंच से पत्नी सुदेश धनखड़ पर ली चुटकी, खिलाखिलाकर हंस पड़े CM योगी

उपराष्ट्रपति ने भरे मंच से पत्नी सुदेश धनखड़ पर ली चुटकी, खिलाखिलाकर हंस पड़े CM योगी

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : May 01, 2025 08:04 pm IST, Updated : May 01, 2025 08:04 pm IST

उपराष्ट्रपति जगदीपधनखड़ ने राज्यपाल के जीवन पर आधारित पुस्तक 'चुनौतियां मुझे पसंद हैं' का विमोचन करने के बाद इसके शीर्षक का जिक्र करते हुए अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ की तरफ इशारा किया और चुटकी ली।

jagdeep dhankhar yogi adityanath- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सीएम योगी आदित्यनाथ।

लखनऊ: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के जीवन पर आधारित पुस्तक के विमोचन अवसर पर मजाकिया अंदाज में भी नजर आये। उनकी मजाक भरी टिप्पणियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाखिलाकर हंस पड़े। वहीं, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल तथा वहां मौजूद ज्यादातर लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पाये।

'मैंने चुनौती के साथ सात फेरे ले लिये'

धनखड़ ने राज्यपाल के जीवन पर आधारित पुस्तक 'चुनौतियां मुझे पसंद हैं' का विमोचन करने के बाद इसके शीर्षक का जिक्र करते हुए अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ की तरफ इशारा किया और चुटकी ली। उन्होंने कहा, ''आपने (राज्यपाल आनंदीबेन पटेल) अपनी किताब का शीर्षक रखा है, चुनौतियां मुझे पसंद हैं। एक फरवरी 1979 को मैंने चुनौती से सात फेरे ले लिए। साथ जीवन जीने का वादा कर लिया। चुनौती के साथ रहने की मेरे को आदत है।'' उपराष्ट्रपति ने कहा, ''मैंने तो खुद चुनौती को स्वीकार किया है। मैं चुनौती के साथ रहता हूं। हर कार्यक्रम में चुनौती को अपने पास रखता हूं।''

योगी से पूछा- क्या मैं आपको युवा मुख्यमंत्री कह सकता हूं? 

इस पर कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ खिलखिलाकर हंस पड़े और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और अन्य लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक सके। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी पूछा, ''क्या मैं आपको युवा मुख्यमंत्री कह सकता हूं? आजकल तो आपसे ज्यादा उम्र के लोग भी खुद को युवा कहते हैं, तो मैं समझता हूं कि मैं आपको युवा मुख्यमंत्री कह सकता हूं।''

अनार पटेल से की राज्यपाल की तारीफ

राज्यपाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि उनकी किताब की कीमत 500 रुपये है और यह किसी को मुफ्त नहीं मिलेगी और इससे मिलने वाला धन जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। राज्यपाल की इस बात का जिक्र करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, ''राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभी थोड़ी देर पहले मुझसे कहा कि मेरी किताब आपको भी मुफ्त में नहीं मिलेगी। महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जी, मुझे मुफ्त में कोई भी चीज लेने की आदत नहीं है।''

उन्होंने राज्यपाल की बेटी अनार पटेल से मुखातिब होते हुए कहा, ''एक फिल्म में अमिताभ बच्चन और शशि कपूर किसी बात पर वाद-विवाद करते हैं। अमिताभ बच्चन कहते हैं कि मेरे पास गाड़ी है, बंगला है, बैंक बैलेंस है, तुम्हारे पास क्या है तो शशि कपूर कहते हैं कि मेरे पास मां है। अनार पटेल जी आप की जो मां हैं, इस उम्र में भी समाजसेवा के प्रति उनका जो जज्बा है, वह किसी से कम नहीं है।” (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

जातिगत जनगणना का श्रेय लेने के लिए विपक्ष में मची होड़, दिल्ली से लेकर बिहार तक पोस्टर वॉर

रॉबर्ट वाड्रा को भारी पड़ा पहलगाम आतंकी हमले पर विवादित बयान, हाई कोर्ट करेगा सुनवाई

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement