1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. धर्म नगरी वृंदावन से आई बुरी खबर, वृद्धाश्रम में दो महिलाओं की मौत, 24 अस्पताल में भर्ती

धर्म नगरी वृंदावन से आई बुरी खबर, वृद्धाश्रम में दो महिलाओं की मौत, 24 अस्पताल में भर्ती

 Published : Jul 31, 2023 04:49 pm IST,  Updated : Jul 31, 2023 04:49 pm IST

राजस्थान की एक अन्य महिला 70 वर्षीय जसकंवर के बारे में भी यह कहा गया था कि उसकी मृत्यु भी अन्य दो महिलाओं की तरह हुई है, लेकिन छानबीन में पता चला कि वह पहले से ही कैंसर से पीड़ित थी।

vrindavan vridhashram- India TV Hindi
वृद्धाश्रम की करीब 24 को बीमार हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI (FILE PHOTO)

मथुरा: यूपी के मथुरा जिले में कथित तौर पर दूषित जल के प्रयोग से वृंदावन के एक वृद्धाश्रम में रह रहीं दो महिलाओं की मौत हो गई और करीब 24 को बीमार हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) प्रभारी डॉ. भूदेव प्रसाद ने बताया कि वृन्दावन के नगला रामताल क्षेत्र स्थित कृष्णा कुटीर आश्रय स्थल में रहने वाली वृद्ध एवं विधवा महिलाओं में से कई को दो दिन से उल्टी, दस्त आदि परेशानियां हो रही थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात एवं शनिवार को दो महिलाओं की मौत होने की सूचना मिली थी जिनकी पहचान मध्य प्रदेश निवासी 70 वर्षीय कौशल्या और 65 वर्षीय सावित्री  के रूप में हुई है।

आश्रम में रहती हैं 250 महिलाएं

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा और आरआरटी प्रभारी डॉ. भूदेव प्रसाद डॉक्टर्स की एक टीम के साथ आश्रय स्थल पहुंचे और मुआयना किया तो पता चला कि उन्हें यह सब शिकायतें वहां आपूर्ति किए जाने वाले पानी के इस्तेमाल से शुरू हुईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि इन महिलाओं की मृत्यु पेयजल संक्रमण के चलते हुई। उन्होंने कहा कि आश्रम में करीब  250 महिलाएं रहती हैं और यदि उनके बीमार पड़ने की जानकारी समय से दे दी गई होती, तो यह स्थिति नहीं बनती।

क्या है महिलाओं के मौत की सही वजह?
रविवार से लगातार निगरानी एवं उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि करीब 24 वृद्धाओं की हालत ज्यादा खराब पाए जाने पर उन्हें वृंदावन में ही स्थित अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अन्य सभी बीमार महिलाओं का लगातार आश्रम में ही उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि राजस्थान की एक अन्य महिला जसकंवर (70) के बारे में भी यह कहा गया था कि उसकी मृत्यु भी अन्य दो महिलाओं की तरह हुई है, लेकिन छानबीन में पता चला कि वह पहले से ही कैंसर से पीड़ित थी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आश्रम के भोजन, खान-पान की वस्तुओं एवं पानी के नमूने एकत्र किए हैं। उनकी जांच के पश्चात आधिकारिक रूप से स्पष्ट हो पाएगा कि मृत्यु का सही कारण क्या है। वैसे यह मामला जल संक्रमण का ही लगता है।

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।