1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: शादी के छह दिन बाद ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पति ने की थी तीसरी शादी

UP: शादी के छह दिन बाद ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पति ने की थी तीसरी शादी

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 17, 2025 01:54 pm IST,  Updated : May 17, 2025 01:54 pm IST

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक शख्स ने शादी के छह दिन बाद ही अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति ने यह तीसरी शादी की थी। पहले दो शादियां टूट चुकी हैं।

पत्नी की पीट-पीटकर हत्या।- India TV Hindi
पत्नी की पीट-पीटकर हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

वाराणसी: यूपी के वाराणसी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात ये है कि उसकी शादी के अभी सिर्फ छह दिन ही हुए थे। पति ने ही इस घटना को अंजाम दिया। दोनों की शादी 9 मई को ही हुई थी। गुरुवार को उसने पत्नी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं बताया जा रहा है कि आरोपी पति की यह तीसरी शादी थी। इससे पहले दो शादियां पहले ही टूट चुकी थीं। वहीं तीसरी शादी के बाद भी पत्नी से उसका झगड़ा होता था।

लाठी-डंडे से की मारपीट

दरअसल, पूरा मामला वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र का है। यहां अमौली गांव में राजू पाल (44) नाम के शख्स ने अपनी पत्नी आरती पाल (26) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार रात की है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पिटाई की वजह से पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा आरोपी राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

पहले भी टूट चुकी हैं दो शादियां

घटना के बारे में थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने जारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें मारपीट के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आरती पाल को नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरती और राजू की शादी 9 मई को हुई थी। यह राजू की तीसरी शादी थी। उसकी दो शादियां पहले ही टूट चुकी हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही राजू का आरती से झगड़ा होने लगा। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।