1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पति ने फोन पर दिया तीन तलाक तो महिला ने दी जान, लापरवाही के आरोप में दारोगा सस्पेंड

पति ने फोन पर दिया तीन तलाक तो महिला ने दी जान, लापरवाही के आरोप में दारोगा सस्पेंड

 Published : May 01, 2025 12:56 pm IST,  Updated : May 01, 2025 12:56 pm IST

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ट्रिपल तलाक और दहेज उत्पीड़न से तंग आकर सानिया नाम की महिला ने आत्महत्या कर ली। लापरवाही बरतने पर एक सब-इंस्पेक्टर निलंबित हुआ है। पति समेत आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू हो चुकी है।

Triple Talaq, Dowry Harassment, Suicide, Gorakhpur, Uttar Pradesh- India TV Hindi
तीन तलाक के खिलाफ कानून बनने के बावजूद इसके मामले सामने आते रहे हैं। Image Source : PTI REPRESENATIONAL

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक महिला ने अपने पति द्वारा फोन पर ट्रिपल तलाक दिए जाने के बाद आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला के ससुराल वाले लंबे समय से दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। इस मामले में लापरवाही बरतने के लिए एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सानिया नाम की महिला ने सोमवार शाम अपने पति सलाउद्दीन के फोन कॉल के बाद अपनी जान ले ली। मौजूदा समय में महाराष्ट्र में रह रहे सलाउद्दीन ने फोन पर सानिया को ट्रिपल तलाक दिया और कथित तौर पर गाली-गलौज भी की।

ससुराल पक्ष के 8 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सानिया 26 अप्रैल को अपने मायके गोरखपुर लौटी थी। SSP गौरव ग्रोवर ने बताया कि सानिया की मां आसिया ने चौरी चौरा थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत की थी, लेकिन सब-इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में पाया गया कि सानिया थाने गई थी, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इस लापरवाही के लिए SSP ने सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सानिया के पति सलाउद्दीन, उसकी सास सायरा, ननद आसिया, खुशबू, रोजी और ननदोई जिया-उल-औद्दीन व बलाउद्दीन समेत 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

'सानिया को दहेज के लिए बार-बार परेशान करते थे'

शिकायत के मुताबिक, सानिया की शादी 7 अगस्त 2023 को सलाउद्दीन से हुई थी। शादी में परिवार की मांग के अनुसार दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल वाले सानिया को दहेज के लिए बार-बार परेशान करते थे। आसिया ने बताया कि सलाउद्दीन ने कुछ समय के लिए सानिया के लिए अलग रहने की व्यवस्था की, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। सानिया अपने मायके लौट आई और अपनी छोटी बहन के फोन से सलाउद्दीन से बात करती थी। मानसिक तनाव से जूझ रही सानिया ने फोन पर ट्रिपल तलाक दिए जाने के बाद आखिरकार अपनी जान ले ली। पुलिस का कहना है कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है। (पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।