1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ससुराल वालों से परेशान थी महिला, दो बेटों को जहर देकर खुद फांसी के फंदे से झूल गई

ससुराल वालों से परेशान थी महिला, दो बेटों को जहर देकर खुद फांसी के फंदे से झूल गई

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 20, 2024 10:07 am IST,  Updated : May 20, 2024 10:10 am IST

उन्नाव में एक महिला फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला ने ससुराल के लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर ये कदम उठाया। महिला ने खुदकुशी करने से पहले अपने दो बेटों को जहरीला पदार्थ भी खिलाया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक महिला ने ससुराल के लोगों की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। महिला ने फांसी के फंदे पर लटकने से पहले अपने दो बेटों को जहरीला पदार्थ खिलाया। इसके बाद फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जहर दिए जाने से महिला के छोटे बेटे की भी मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे का इलाज कानपुर के एक अस्पताल में किया जा रहा है। घटना जिले की सदर कोतवाली इलाके के पटकापुर गांव की है। 

महिला के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जेठ, जेठानी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सोनम सिंह ने बताया कि शनिवार रात सदर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि पटकापुर की निवासी सोमवती (32) ने अपने दो बच्चों को विषैला पदार्थ खिलाने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।

छोटे बेटे की हुई मौत 

उन्होंने बताया कि इस घटना में सोमवती के छोटे बेटे 9 वर्षीय सुधीर की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे अंश (12 वर्ष) का इलाज किया जा रहा है। मृतका का मायका बिहार थाना क्षेत्र के चिकंदरपुर गांव का है। यहां रहने वाले शिव शंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने लगभग 13 साल पहले अपनी बेटी सोमवती का विवाह पटकापुर गांव निवासी मोतीलाल के बेटे संतकुमार के साथ किया था। 

जेठ-जेठानी प्रताड़ित करते थे

शिकायत में कहा गया है कि चार माह पहले बीमारी के चलते दामाद संत कुमार की मौत हो गई थी, तभी से सोमवती को उसके जेठ और जेठानी झगड़ा करके प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से शनिवार रात सोमवती ने अपने दोनो बेटों को जहरीला पदार्थ देकर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। (PTI)

ये भी पढ़ें- 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।