1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM योगी का ऐलान, NEET अभ्यर्थियों को बस किराए में 50% की छूट, मोहर्रम पर हथियारों और लाउड डीजे पर रोक

CM योगी का ऐलान, NEET अभ्यर्थियों को बस किराए में 50% की छूट, मोहर्रम पर हथियारों और लाउड डीजे पर रोक

 Reported By: Vishal Singh Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 16, 2026 10:42 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 10:44 pm IST

उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में होने वाली NEET परीक्षा में करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50% की छूट मिलेगी।

UP CM Yogi Adityanath- India TV Hindi
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नीट परीक्षा, मुहर्रम और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और जनहित के कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए।

NEET अभ्यर्थियों को राहत

21 जून को प्रदेश के 59 जिलों में होने वाली नीट परीक्षा में करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यूपी रोडवेज (UPSRTC) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50% की छूट मिलेगी। अन्य जिलों से आने वाले जिन अभ्यर्थियों के पास ठहरने की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

मोहर्रम पर पाबंदियां

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। उन्होंने निर्देश दिए कि जुलूसों में किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन और नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी। कानफोड़ू डीजे, अनियंत्रित ढोल-ताशों पर प्रभावी रोक रहेगी। दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ताजिया की ऊंचाई मानकों के अनुरूप (अधिकतम 10 से 12 फीट) ही रखी जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां

'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम पर इस वर्ष का योग दिवस प्रदेश की 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। योग दिवस से एक दिन पहले, 20 जून को पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले जिलों को चेतावनी

मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले जिलों को चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की तैनाती नहीं है, वहां अगले तीन दिनों में अनिवार्य रूप से मेरिट के आधार पर तैनाती की जाए।

बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें-

यूपी में स्कूलों को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला, 24 जून तक बढ़ाई गई गर्मी की छुट्टियां

UP के सभी मदरसों के लिए नया आदेश, अब Aadhaar से लिंक बायोमेट्रिक सिस्टम से लगेगी हाजिरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।