1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. व्यूज और लाइक्स की भूख में खतरे से खेल गया युवक, चलती कार की छत पर खड़े होकर बनाई रील

व्यूज और लाइक्स की भूख में खतरे से खेल गया युवक, चलती कार की छत पर खड़े होकर बनाई रील

 Reported By: Vishal Singh, Written By: Pankaj Yadav
 Published : Aug 01, 2025 05:50 pm IST,  Updated : Aug 01, 2025 06:49 pm IST

लखनऊ के इकाना स्टेडियम के पास चलती कार की छत पर रील बनाते एक युवक का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोग गुस्से में हैं। कई यूजर्स ने युवक की इस हरकत को देखते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चलती कार पर स्टंट करता युवक- India TV Hindi
चलती कार पर स्टंट करता युवक Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक बार फिर खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार इकाना स्टेडियम के पास एक युवक चलती कार की छत पर चढ़कर रील बनाते हुए नजर आया। वीडियो में युवक फिल्मी अंदाज में स्टंट करता दिख रहा है, जहां वह तीन बार गिरते-गिरते बचा। इस जानलेवा हरकत से न केवल उसकी अपनी जान खतरे में पड़ी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई।

बेखौफ स्टंटबाज, बेपरवाह पुलिस

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र, खासकर प्लासियो मॉल से इकाना स्टेडियम तक की सड़क, स्टंटबाजों का अड्डा बन चुकी है। आए दिन बाइक और कारों पर खतरनाक स्टंट के वीडियो वायरल होते रहते हैं। इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि युवक तेज रफ्तार कार की छत पर खड़े होकर रील बना रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में इकाना स्टेडियम साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस की निगरानी पर सवाल

सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में स्टंटबाजी के वीडियो बार-बार वायरल होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नजर आती है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण स्टंटबाज बेखौफ होकर ऐसी हरकतें कर रहे हैं। सड़क पर स्टंटबाजी न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी यह खतरा बन चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखकर लोग गुस्से में हैं। कई यूजर्स ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक यूजर ने लिखा, "हर बार वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जागती है, लेकिन निगरानी पहले क्यों नहीं होती?" 

ये भी पढ़ें:

बाइक की टंकी पर लेटी गर्लफ्रेंड, खुल्लम-खुल्ला चलता रहा रोमांस, अश्लील हरकतें करता कपल कैमरे में हुआ कैद

नशे-नशे में कार पर मारी लात, जब अंदर से निकली पुलिस तो आया होश, दुम दबाकर शख्स ने पकड़ी पतली गली

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।