शादी का दिन, वो पल जब हर दूल्हा-दुल्हन के चेहरे पर बस मुस्कान और खुशी की चमक होती है। रिश्तेदारों की हंसी-मजाक, मेहमानों की चहल-पहल, और ढेर सारी रस्मों के बीच दूल्हा-दुल्हन को बस एक काम करना होता है: खुश रहना और अपने खास दिन को जी भरकर जीना। लेकिन सोचिए, अगर कोई दुल्हन शादी के जोड़े में सजी-धजी, गले में हार पहने, मेहंदी रचे हाथों में फोन लेकर नोट्स रट रही हो! ऐसा ही एक अनोखा नजारा इंस्टाग्राम पर देखने को मिला, जहां एक दुल्हन शादी के बीच फेरों से पहले एग्जाम का प्रेशर लिए फोन पर अपने नोट्स को रटते हुए दिखी।
शादी के मंडप में नोट्स रटते दिखी दुल्हन
इस दुल्हन का नाम सिमरनजीत कौर शर्मा है। जिन्होंने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (@mxminniee) पर पोस्ट किया है। बता दें कि सिमरनजीत एक कंटेंट क्रिएटर हैं और उन्होंने हाल ही में अपनी शादी की ढेर सारी वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। लेकिन इनमें से एक वीडियो ने पूरे सोशल मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस वीडियो में सिमरनजीत दुल्हन के लिबास में, जयमाल के बाद कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। गहने, मेकअप, लहंगा सब कुछ परफेक्ट, लेकिन उनके हाथ में एक फोन दिखा जिसमें वो अपने नोट्स को पढ़ रही हैं। वीडियो के टाइटल में उन्होंने इसकी वजह भी बताई है? वीडियो के टाइटल में यह लिखा है कि अगले दिन उनका एग्जाम है। जी हां, शादी की चकाचौंध के बीच भी ये दुल्हन अपनी पढ़ाई को लेकर इतनी सीरियस है कि शादी के मंडप में भी नोट्स रट रही है।
पढ़ाई के प्रति दुल्हन के लगन की हर कोई कर रहा तारीफ
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है, जिसे अब तक 71 लाख से भी ज्यादा लोगों ने देखा और 2 लाख से ज्यादा लाइक किया है। वीडियो पर कमेंट्स की बौछार भी हो गई है। कोई इस वीडियो को मजेदार बता रहा है, तो कोई दुल्हन की पढ़ाई की लगन देख उसकी तारीफ कर रहा है। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “पढ़ने वाले बच्चे कहीं भी पढ़ लेते हैं, चाहे मंडप ही क्यों न हो।” वहीं, कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि शादी की डेट फिक्स करने वाले माता-पिता को थोड़ा और सोचना चाहिए था, क्योंकि शादी के दिन एग्जाम के प्रेशर ने पूरी शादी को बर्बाद कर दिया। एक अन्य यूजर ने लिखा, “लड़की को पहले कुछ बनने दो, शादी तो बाद में भी हो सकती थी।” लेकिन इन सबके बीच सिमरनजीत की मेहनत और फोकस की तारीफ हर कोई कर रहा है।
वीडियो असली है या फिर रील का खुमार?
इस वीडियो को देखने के बाद अब सवाल ये उठता है कि क्या ये वीडियो असली है या सिर्फ रील बनाने की क्रिएटिविटी है? चूंकि सिमरनजीत एक कंटेंट क्रिएटर हैं, तो हो सकता है ये वीडियो मजेदार कंटेंट का हिस्सा हो। लेकिन शादी जैसे बड़े मौके पर भी पढ़ाई को प्राथमिकता देना हर किसी को हैरान और पढ़ाई के प्रति इंस्पायर कर रहा है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
VIDEO: 'हैवी ड्राइवरों से भरा पड़ा है हमारा देश', तीन पहियों के साथ सड़क पर JCB दौड़ते दिखा ड्राइवर
किसी मॉडल से कम नहीं है ये ठेले वाली लड़की, खाने से ज्यादा हो रही खूबसूरती और कॉन्फिडेंस की चर्चा