Viral Video : भारत विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। विदेशी पर्यटक मुख्य रूप से लीजर, हॉलिडे और रिक्रिएशन के लिए आते हैं। विदेशी पर्यटक भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्मारक, किले, महल, मंदिर, समुद्र तट, पहाड़ी स्टेशन और विविध भोजन का अनुभव लेने आते हैं। दूसरा प्रमुख कारण भारतीय डायस्पोरा का है, जो अपने परिवार, रिश्तेदारों से मिलने या सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने आते हैं। मगर, इन दिनों एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें इंग्लैंड से आई एक फैमिली को दिखाया गया है। वीडियो में बताया गया है कि विदेशी फैमिली अपने दादा की कब्र देखने के लिए आई थी।
राजस्थान के दौसा में आई ये फैमिली
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ugust_traveller नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में शख्स ने बताया है कि, विदेशी फैमिली ने उनसे संपर्क किया था और मदद के लिए कहा था क्योंकि फैमिली का एक शख्स राजस्थान के दौसा स्थित बांदीकुई गांव में बनी अपने दादाजी की कब्र देखना चाहता था। फिर उसने बांदीकुई में उस पुरानी चर्च को देखा जो शुद्ध ब्रिटिश शैली में बना हुआ है। जब फैमिली ने शख्स को अपने डॉक्यूमेंट्स दिखाए तो पता चला कि वे कई सालों से यहां आने की कोशिश कर रहे थे। काफी कोशिशों के बाद जब वे आगे बढ़े तो एक कब्रिस्तान मिला जहां सन् 1900 से पहले की कब्र दफन हैं। हालांकि, अंत तक उन्हें अपने दादा की वो कब्र तो नहीं मिली लेकिन फैमिली का एक शख्स किसी कब्र के सामने काफी देर खड़ा रहा मानो वो वही कब्र हो जिसे वे ढूंढ़ रहे थे।
वीडियो के साथ शेयर किया कैप्शन
शख्स ने कैप्शन में लिखा है कि, 'इंग्लैंड से भारत - सबसे महान कहानी! कभी-कभी जब आप किसी महान कहानी को देखते हैं तो भावनाएं उमड़ पड़ती हैं। कल्पना कीजिए कि इंग्लैंड का एक जोड़ा अपने दादा की समाधि देखने के लिए भारत आता है, जिनकी मृत्यु 80 वर्ष पहले उस देश में हुई थी जिसे 1947 में स्वतंत्रता मिली थी। यह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है, लेकिन मैंने इसे वास्तविक रूप में महसूस किया।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस पोस्ट को देखने के बाद यूजर्स ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा कि, 'मेरे पिताजी ने हाल ही में बांग्लादेश में यात्रा करके हमारे पुराने पैतृक घर और उस स्कूल को खोजा जहाँ मेरे दादाजी पढ़ते थे।' दूसरे ने लिखा कि, 'मैंने पूरा वीडियो यूट्यूब पर देखा। आपने बहुत अच्छा काम किया। बहुत दिलचस्प।' तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'कोलकाता में साउथ पार्क स्ट्रीट कब्रिस्तान नाम का एक प्रतिष्ठित कब्रिस्तान है, जहां पिछले 200 वर्षों में कोई नई कब्र नहीं खोदी गई है।' चौथे यूजर ने लिखा कि, 'सात समंदर पार वो दादा के लिए आ गए लेकिन अपने ही देश में अपने दादा के शोषण करने वाले परिवार का गुणगान क्या बात है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने ब्रिटिशों को लूटपाट का जिम्मेदार ठहराया है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
Video : 'भारत में अराजकता, अत्यधिक भीड़भाड़ और गरीबी...' चीन से तुलना कर बोला विदेशी व्लॉगर,यूजर्स ने किया रिएक्ट
कश्मीर की बर्फ का ऐसा हाल देख खून खौल जाएगा, Viral Video पर भड़के यूजर्स; दिए ऐसे रिएक्शन