सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है, जिसमें बच्चों के एक समूह को अपने हाथ में 15 फुट लंबे विशालकाय अजगर को उठाए देखा जा सकता है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि ये बच्चे उस अजगर को अपने हाथ में लिए कहीं ले जा रहे हैं। उनके साथ-साथ कई अन्य लोग भी चलते नजर आ रहे हैं। ये घटना उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की बताई जा रही है।
गांव में निकला था यह विशालकाय अजगर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विशालकाय अजगर अचानक गांव के पास सड़क पर दिखाई दिया, जिसे देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और बच्चों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन डरने की बजाय बच्चों ने साहस दिखाते हुए अजगर को अपने हाथों में उठा लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 10 से 15 साल की उम्र के 6-7 बच्चे अजगर को किसी रस्से की तरह पकड़कर उसे सड़क पर घुमा रहे हैं, जैसे वह कोई खिलौना हो। कुछ बच्चों ने अजगर के सिर को पकड़ा, तो कुछ ने उसकी पूंछ को, और इस दौरान कई लोग सेल्फी लेते और रील बनाते नजर आए। यह घटना जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के डूंगरा जाट और शेखूपुर रौरा गांव के पास अनूपशहर-बुलंदशहर स्टेट हाईवे पर हुई।
3 किलोमीटर तक चला यह जुलूस
यह जुलूस करीब 3 किलोमीटर तक चला, और राहगीरों की भीड़ इस अनोखे नजारे को देखकर हैरान रह गई। हैरानी की बात यह रही कि इस घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही वन विभाग को। बाद में बच्चों ने अजगर को पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। हालांकि, इस घटना की जानकारी वन विभाग को बाद में मिली। अनूपशहर के रेंजर प्रवेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, और अजगर को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। अनूपशहर की एसडीएम प्रियंका गोयल ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी, और वे वन विभाग से इस बारे में पूछताछ कर रही हैं।
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @Trolls Official नाम के पेज से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने कमेंट भी किया है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "अच्छा है कि बच्चों ने अजगर को सुरक्षित छोड़ दिया, लेकिन यह खतरनाक हो सकता था।" वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "यह साहस नहीं, लापरवाही है। वन विभाग को तुरंत सूचित करना चाहिए था।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें-
AC को भी फेल कर देगा ये कूलर, ईंट और सीमेंट से बना जुगाड़ देख आप भी ठोकेंगे ताली