इंग्लैंड के रोमफोर्ड में सेंट एडवर्ड द कॉन्फेसर चर्च में हाल ही में एक नए पादरी की नियुक्ति हुई है, जिनका नाम है फादर जॉर्डन पाल्मर। लेकिन यह नियुक्ति चर्च की दीवारों से बाहर तब चर्चा का विषय बन गई, जब फादर जॉर्डन का एक टिकटॉक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में उन्होंने बस इतना किया कि अपनी नई भूमिका के बारे में बताया और लोगों को रविवार की प्रार्थना सभा में आने का न्योता दिया, मगर उनकी शक्ल-सूरत और करिश्माई अंदाज ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया, जिसके बाद लोग उन्हें 'हॉट प्रीस्ट' कहने लगे।
फादर पर आया लड़कियों का दिल
फादर जॉर्डन के इस वीडियो पर टिकटॉक और इंस्टाग्राम यूज़र्स ने जमकर कमेंट किया। कुछ ने मजाक में लिखा, “कुछ लोग उन्हें फादर कहते हैं, तो कुछ डैडी!” एक यूज़र ने चुटकी लेते हुए कहा, “मेरे शरीर से नास्तिकता निकल रही है, अब चर्च जाना पड़ेगा।” किसी और ने लिखा, “रोमफोर्ड अब इंग्लैंड का सबसे धार्मिक इलाका बन गया है।” एक महिला ने तो हल्के-फुल्के अंदाज़ में टिप्पणी की, “Forgive me, Father, for I have sinned.” कुछ लोगों ने उनकी तुलना हॉलीवुड स्टार रयान गोस्लिंग और रियलिटी टीवी स्टार स्कॉट डिसिक से भी की। फादर के इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @theshadeborough नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है।
फादर की बढ़ती लोकप्रियता
फादर जॉर्डन की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उस चर्च में आने वाले युवाओं की संख्या काफी बढ़ गई, खासतौर पर लड़कियों की। हालांकि, फादर जॉर्डन की इस लोकप्रियता ने कुछ सवाल भी खड़े किए हैं। कुछ आलोचकों का कहना है कि किसी पादरी को 'हॉट प्रीस्ट' कहना धर्म की गंभीरता को कम करता है। उनका मानना है कि चर्च की लोकप्रियता किसी व्यक्ति की शक्ल-सूरत पर नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता और धार्मिक शिक्षाओं पर आधारित होनी चाहिए। दूसरी ओर, कई लोग इसे सकारात्मक बदलाव के रूप में देख रहे हैं। उनका कहना है कि अगर सोशल मीडिया और फादर जॉर्डन जैसे व्यक्तित्व युवाओं को चर्च की ओर ला सकते हैं, तो यह धर्म के प्रचार का एक नया और प्रभावी तरीका हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें: