रंगों के त्यौहार होली की शुरुआत आज से हो चुकी है। आज छोटी होली है और कल होली है जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार रहता है। क्या बच्चे, क्या बड़े और क्या बुजुर्ग, हर कोई होली को अपने अंदाज में मनाता है। अभी से ही बच्चे रंग और पिचकारी खरीदने में लग चुके होंगे तो वहीं घर के बड़े मेहमानों का स्वागत करने के लिए मिठाई और नमकीन खरीद रहे होंगे। वैसे होली का त्यौहार जितना रंगों के लिए जाना जाता है, उतना ही यह गुजिया के लिए भी जाना जाता है। होली के लिए लोग कुछ और खाए या न खाए मगर वो गुजिया तो जरूर ही खाते हैं। आप भी खाते होंगे। इस होली सोशल मीडिया पर गोंडा की एक दुकान के गुजिया ने हर किसी को हैरान कर दिया है। आइए आपको उसके बारे में बताते हैं।
गोंडा की गोल्डन गुजिया के बारे में सुना?
अभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक विशेष तरह के गुजिया ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा हुआ है। दरअसल उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक मिठाई की दुकान में 50,000 रुपए प्रति किलो की दर से गुजिया बिक रही है और यह गुजिया आम नहीं है। इस गुजिया का नाम 'गोल्डन गुजिया' है। अब आप नाम से ही समझ गए होंगे कि यह गुजिया इतनी महंगी क्यों है। गोल्डन गुजिया 50 हजार रुपये किलो और एक पीस की कीमत 1300 रुपये है। इस गुजिया पर सोने की परत चढ़ी हुई है जो इसे इतना महंगा बनाती है।
यहां देखें वायरल गुजिया
इस विषय में दुकान के मैनेजर शिवकांत चतुर्वेदी ने कुछ जानकारी भी दी है। उन्होंने कहा, 'हमारी 'गुजिया' में 24 कैरेट सोने की परत चढ़ी हुई है। इसकी स्टफिंग में खास तरह के सूखे मेवे हैं। इस 'गुजिया' की कीमत 50,000 रुपए प्रति किलो और 1300 रुपए प्रति पीस है।' अब सोशल मीडिया पर जो भी इसे देख रहा है, वो हैरान हो रहा है और बोल रहा है कि इतनी महंगी गुजिया कौन खाएगा। जाहिर सी बाता है कि 50 हजार रुपये किलो गुजिया सुनकर आम आदमी के पैरों तले धरती तो खिसकेगी ही।
ये भी पढ़ें-
आंटी जी ने तो हद ही कर दी, होली विश करने का अपनाया ऐसा तरीका जो कभी सोचा नहीं होगा
Holi: हवा में रंग उड़ाने का नया ट्रेंड सोशल मीडिया पर वायरल, लोग बोले- 'अब सारे यही कॉपी करेंगे'