बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक अपनी पत्नी से नाराज होकर टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। बताया जा रहा है कि मोहित पांडे पिछले काफी समय से अपनी पत्नी से संतान की मांग को लेकर नाराज चल रहा था। पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। इसी तनाव में आकर मंगलवार को वह अचानक मेला चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर खड़े होकर युवक बार-बार नीचे कूदने की धमकी देने लगा।
टावर से उतरने को तैयार नहीं था
यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और लोग उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करते रहे। घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ के साथ कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष ने युवक से उसके मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रहा था, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
करीब कई घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस की कोशिश रंग लाई। थानाध्यक्ष अजय कुमार और पुलिसकर्मियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
थाना ले जाकर हुई पूछताछ
इसके बाद, पुलिस युवक को अपने साथ पहाड़पुर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसकी पत्नी से भी संपर्क कर दोनों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद की जानकारी ली है। इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में दारोगा संतोष जायसवाल, विवेक कुमार, अमन कुमार, भीम पांडेय और डायल 112 के जवान शशि कुमार और सत्येंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।
(रिपोर्ट- अरविंद कुमार)
ये भी पढ़ें-
यहां अलग ही लेवल की मस्ती चल रही है, Video देख कोई नहीं रोक पाएगा अपनी हंसी
जूते के पीछे क्यों लगे होते हैं ऐसे स्ट्राइप्स? पहनते तो सब हैं मगर नहीं जानते होंगे जवाब