1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'व्यूज के लिए भारत को बदनाम करते हैं क्रिएटर्स!' जापानी महिला ने भारत को ट्रोल करने वालों को किया एक्सपोज; Video

'व्यूज के लिए भारत को बदनाम करते हैं क्रिएटर्स!' जापानी महिला ने भारत को ट्रोल करने वालों को किया एक्सपोज; Video

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 10, 2026 11:51 am IST,  Updated : Oct 10, 2026 11:51 am IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडिया में जापानी महिला ने दावा किया कि, 'सोशल मीडिया पर व्यूज और रीच बढ़ाने के लिए लोग भारत की भ्रामक तस्वीरें शेयर करते हैं।'

japanese content creator video, japanese content creator viral video, japanese content creator in in- India TV Hindi
जापानी कंटेंट क्रिएटर का वीडियो वायरल। Image Source : IG/@HIKARUSAN.INDIA

मुंबई में पिछले आठ महीने से रह रही जापानी कंटेंट क्रिएटर हिकारू-सान (Hikaru-san) ने भारत की नकारात्मक छवि पेश करने वाले सोशल मीडिया वीडियोज पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हर देश में अच्छी और बुरी दोनों बातें होती हैं, कोई भी देश परिपूर्ण नहीं है और सिर्फ नेगेटिव चीजें दिखाकर व्यूज कमाने का कोई मतलब नहीं। उनका वीडियो वायरल हो गया है और लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @hikarusan.india नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में हिकारू-सान ने इंस्टाग्राम पर ‘What I have realised since moving to India’ शीर्षक से वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने बताया कि जापान से मुंबई आने के बाद उनका नजरिया बदल गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अक्सर भारत को गरीब, गंदा और समस्याग्रस्त देश के रूप में दिखाया जाता है। लेकिन उन्होंने खुद कभी ऐसी अप्रिय घटनाओं का सामना नहीं किया, जिनका ऑनलाइन इतना हल्ला मचाया जाता है। वे बोलीं कि, “मैंने कभी किसी अजीब व्यक्ति से मुलाकात नहीं की या कोई विशेष रूप से अप्रिय अनुभव नहीं किया। छोटी-छोटी चीजें जरूर हैरान करती हैं, लेकिन ऑनलाइन जितना शोर मचाया जाता है, वैसा कुछ नहीं हुआ। शायद इसलिए भी क्योंकि मैं यहां सुरक्षित जीवन जी रही हूं।”  

हर देश में अच्छे और बुरे पहलू के बारे में बताया

उन्होंने जोर देकर कहा कि हर देश के अच्छे और बुरे पहलू होते हैं। “हर देश में अच्छी और बुरी बातें होती हैं। फिर सिर्फ नेगेटिव पहलुओं को हाइलाइट करके व्यूज कमाने का क्या मतलब है? इससे किसे खुशी मिलती है? बेशक, किसी जगह जाने से पहले उसके बारे में जानना जरूरी है। मैं खुद भी रिसर्च करती हूं। लेकिन जापान में भी कई गंदे स्थान हैं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत बहुत बड़ा देश है और अनुभव जगह-जगह अलग हो सकते हैं। वे सिर्फ मुंबई के अपने अनुभव की बात कर रही हैं। 

भारत की संस्कृति और खाने की तारीफ 

हिकारू-सान ने कैप्शन में लिखा, “भारत आने के बाद कई चीज़ों को देखने का मेरा नज़रिया बदल गया। मैं दुनिया को यह दिखाना जारी रखना चाहता हूंं कि भारत असल में कितना सुंदर और अद्भुत है।” उन्होंने भारत की संस्कृति, खाने और लोगों की तारीफ की। उनका मानना है कि किसी जगह की असलियत तभी समझ आती है जब वहां रहकर अनुभव किया जाए। सिर्फ वीडियो देखकर राय बनाना गलत है। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया 

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं सकारात्मक रहीं। एक यूजर ने न्यूयॉर्क का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी कचरे की समस्या है। हिकारू-सान ने जवाब में लिखा, “बिल्कुल! हर देश की अपनी-अपनी परेशानियां होती हैं, यहां तक कि उन जगहों की भी जिन्हें हम एकदम सही समझते हैं। कोई भी देश एकदम सही नहीं होता, और मुझे लगता है कि अच्छी बातों पर भी ध्यान देना ज़रूरी है!” 

कई लोगों ने उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि भारत वाकई अद्भुत है। एक टिप्पणी में कहा गया कि भारत की आबादी अरबों में है, इसलिए संख्या में समस्याएं ज्यादा दिख सकती हैं, लेकिन अनुपात में हर जगह समान हैं। 

कई विदेशी लोगों की ट्रोलर्स को दिया जवाब 

यह वीडियो उन कई प्रयासों में शामिल है, जहां विदेशी लोग भारत की सकारात्मक छवि पेश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर नेगेटिव कंटेंट अक्सर ज्यादा व्यूज लाता है, लेकिन हिकारू-सान जैसी आवाजें याद दिलाती हैं कि वास्तविक अनुभव अलग होता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि भारत आकर खुद अनुभव करें, संस्कृति से जुड़ें और लोगों से मिलें, उसके बाद राय बनाएं। हिकारू-सान का यह संदेश न सिर्फ भारत के प्रति सकारात्मक नजरिया पैदा कर रहा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर स्टीरियोटाइप्स के खिलाफ एक मजबूत आवाज भी बन गया है। 
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

'भारत में अराजकता, अत्यधिक भीड़भाड़ और गरीबी...' चीन से तुलना कर बोला विदेशी व्लॉगर,यूजर्स ने किया रिएक्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।