Bull Attack Video: यूपी में कानपुर जिले के बिल्हौर नगरपालिका क्षेत्र में आवारा गौवंश का आतंक एक बार फिर बढ़ गया है। इलाके में एक युवक पर आवारा गौवंश ने भीषण हमला कर दिया। घटना के दौरान गौवंश ने युवक को बीच सड़क पर पहले दौड़ाया, इसके बाद सींग से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आवारा गौवंश के हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर ये वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
आवारा पशु पकड़ने की कोशिशें नाकाफी
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका की ओर से आवारा गौवंश को पकड़ने या गोशालाओं में भेजने के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। गौवंश के हमले से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पिछले दिनों हुईं हमले की ऐसी कई घटनाएं
यह घटना कानपुर में आवारा पशुओं के हमलों की बढ़ती श्रृंखला का हिस्सा है। पिछले कुछ महीनों में शहर और आसपास के इलाकों में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। दिसंबर, 2025 में महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक आवारा सांड ने गाय दुह रहे किसान अशोक कुमार पर हमला किया, उन्हें कई बार उठाकर पटका और फिर उन पर बैठ गया, जिससे किसान की मौत हो गई। इसी तरह नवंबर, 2025 में बिधनू क्षेत्र के हरबसपुर गांव में आवारा सांड के हमले से 25 साल युवक की अस्पताल में मौत हो गई थी।
आवारा गाय ने बुजुर्ग पर किया अटैक
कल्याणपुर इलाके में भी एक वायरल वीडियो में आवारा गाय ने बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला किया, जिसमें गाय ने उन्हें जमीन पर गिराकर कई बार सींग मारे। पिछले दो वर्षों में कानपुर में आवारा जानवरों के हमलों से करीब एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। पहले ये घटनाएं मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित थीं, लेकिन अब शहर के व्यस्त इलाकों में भी आवारा गौवंश का खतरा बढ़ गया है।
आवारा पशुओं के पकड़ने की डिमांड
स्थानीय लोग नगर पालिका और नगर निगम से मांग कर रहे हैं कि गोशालाओं का विस्तार किया जाए, आवारा पशुओं को तुरंत पकड़ा जाए और सड़कों पर उनकी मौजूदगी को रोका जाए। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अभियान चलाकर स्थिति नियंत्रित की जाएगी, लेकिन बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं।
(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- VIDEO: नाबालिग के अपहरण की जांच में ली 7 हजार की घूस, कैमरे में कैद हुई रिश्वतखोर महिला SI की करतूत