सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स लंदन की सबसे तीखी करी खाने के चैलेंज को पूरा करने गया था, लेकिन करी का पहला निवाला लेते ही बेचारे की ऐसी हालत हुई कि इस दिन को वह जीवन में कभी नहीं भूलेगा। दरअसल हुआ ये कि लंदन के बंगाल विलेज रेस्टोरेंट की "अल्टीमेट फायर करी" खाने का चैलेंज शख्स ने स्वीकार कर लिया था, लेकिन जब वह इस तीखी करी को खाने गया और उसका पहला निवाला मुंह में डाला, तब शायद उसने यहीं सोचा होगा कि, "मैं यहां क्यों आया?"
जोश-जोश में शख्स दुनिया की सबसे तीखी करी खाने पहुंचा
शख्स का नाम डैनियल है। डैनियल भाई साहब बड़े जोश-खरोश के साथ बंगाल विलेज रेस्टोरेंट पहुंचे थे ताकि वे दुनिया की सबसे तीखी करी के तौर पर मशहूर "अल्टीमेट फायर करी" को खाने का चैलेंज पूरा कर सकें। डैनियल के लिए पूरी तैयारी हो चुकी थी। कैमरा ऑन, माहौल सेट, और डैनियल का कॉन्फिडेंस सातवें आसमान पर था।
करी का पहला निवाला लेते ही हो गया सरेंडर
इधर, वेटर भी करी की प्लेट लेकर आ गया और डैनियल की टेबल पर सामने रख दिया, जिसके बाद शुरू हुआ करी को खाने का चैलेंज, लेकिन जैसे ही डैनियल ने करी का पहला निवाला मुंह में डाला, वैसे ही डैनियल को लगा कि जान बची तो लाखों पाए और उसने वहीं करी के सामने खुद को सरेंडर कर दिया। पहले कुछ सेकंड तो भाई साहब ने खूब बहादुरी दिखाई, लेकिन फिर आंखों में आंसुओं की गंगा-जमुना, नाक से बहती धार और पसीना ऐसा कि मानो वो किसी रेस्तरां में नहीं बल्कि किसी ज्वालामुखी के बीच बैठा हो। डैनियल ने हड़बड़ाते हुए रेस्टोरेंट से बाहर का रास्ता लिया और सीधे फुटपाथ पर धम्म से बैठ गया, जहां वह अपनी टी-शर्ट उतारकर, लाल आंखों और पसीने से तर-बतर हालत में बैठे अपने किए पर पछता रहा था।
करी कैजुअल्टी को मैनेज करता दिखा होटल का स्टाफ
अब बंगाल विलेज का स्टाफ भी कोई नौसिखिया नहीं था। वो इस तरह की "करी कैजुअल्टीज" के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने तुरंत एक स्पेशल न्यूट्रलाइजिंग ड्रिंक लाकर डैनियल को दी, जो इस तीखेपन को काबू करने के लिए खासतौर पर बनाई गई थी। लेकिन डैनियल का हाल ऐसा था कि उस ड्रिंक ने भी उसकी आत्मा को शांति नहीं दी। गला जला, जीभ जली, और आत्मविश्वास? वो तो कब का राख हो चुका था। वीडियो में आखिरी सीन में डैनियल फुटपाथ पर बैठा, पूरी तरह बेहाल, ऐसा लग रहा था जैसे वो अब मिर्च के नाम से भी कांपेगा।
यूजर्स ने खूब लिए शख्स के मजे
इस वीडियो को @NoContextHumans नाम के X अकाउंट से शेयर किया गया, और बस फिर क्या—इंटरनेट पर तूफान मच गया! लाखों व्यूज, ढेरों लाइक्स, और कमेंट्स की बाढ़! यूजर्स ने डैनियल की इस हालत पर जमकर मजे लिए। एक यूजर ने लिखा, "ये तो करी का शिकार हो गया!" दूसरा बोला, "तू तो गया, बेटे!" और तीसरे ने तो सीधे सलाह दे डाली, "ऐसे काम करते ही क्यों हो कि बाद में पछताना पड़े?" लेकिन सबसे ज्यादा हिट हुआ वो कमेंट, जिसने डैनियल को "स्पाइसी शहीद" का खिताब दे दिया। अब डैनियल का नाम भले ही डैनियल हो, लेकिन इंटरनेट ने उसे इस करी के आगे शहीद होने का तमगा दे दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
मगरमच्छों के जबड़े से जान बचाकर भागा जेब्रा, अंत दांव तक लड़ जीत ली जिंदगी की जंग
VIDEO: बंद कमरा, गाना चालू, और चचा की जवानी ऑन! 'टिप-टिप बरसा पानी' पर डांस करते दिखे अंकल