1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जामुन का लालच बच्चे को पड़ गया बेहद ही भारी, दो घंटे तक डालियों के बीच फंसा रहा 10 साल का बच्चा

जामुन का लालच बच्चे को पड़ गया बेहद ही भारी, दो घंटे तक डालियों के बीच फंसा रहा 10 साल का बच्चा

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 26, 2026 03:46 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 04:07 pm IST

ओडिशा के बलांगीर जिले में जामुन का लालच एक बच्चे को भारी पड़ गया। पेड़ पर चढ़ा 10 साल का बच्चा, दो घंटे तक डालियों के बीच फंसा रहा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

odisha Balangir child black plum- India TV Hindi
पेड़ की डालियों के बीच फंसा बच्चा। Image Source : REPORTER

ओडिशा के बलांगीर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े एक 10 साल के बच्चे को उसका शौक भारी पड़ गया। जामुन तोड़ते समय उसका पैर फिसल गया और वह पेड़ की दो मोटी डालियों के बीच बुरी तरह फंस गया। करीब दो घंटे तक बच्चा उसी हालत में पेड़ पर फंसा रहा। आखिरकार पेड़ की एक शाखा काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना बलांगीर जिले के सैंतला थाना क्षेत्र के गंडापत्रपाली गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव में लगे जामुन के पेड़ पर फल तोड़ने के लिए चढ़ा था। सभी बच्चे जामुन तोड़ रहे थे, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के बाद बच्चे का पैर फिसल गया और वह पेड़ की दो शाखाओं के बीच फंस गया। उसका पैर नीचे की ओर खिसक गया, जिससे वह पूरी तरह जकड़ गया और खुद बाहर नहीं निकल सका।

पेड़ काटने की मशीन मंगाई गई

शुरुआत में बच्चे के साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उल्टा बच्चा और मजबूती से डालियों के बीच फंस गया। इसके बाद बच्चों ने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे की हालत देखी और तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए काफी देर तक प्रयास किए गए, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं निकला तो पेड़ काटने की मशीन मंगाई गई।

दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

इसके बाद सावधानी के साथ पेड़ की एक शाखा काटी गई, ताकि बच्चे को बिना किसी बड़े नुकसान के बाहर निकाला जा सके। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद परिजनों और गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए रखी।

यह घटना साफ दिखाती है कि पेड़ों पर चढ़कर फल तोड़ना कितना जोखिम भरा हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही या संतुलन बिगड़ने से बड़ा हादसा हो सकता है। इस मामले में राहत की बात यह रही कि करीब दो घंटे तक पेड़ में फंसे रहने के बावजूद बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- इंटर-कास्ट मैरिज का इतना बड़ा खामियाजा! पिता के शव को कंधा देने नहीं आया कोई, साइकिल पर बांधकर ले गए

केतन-सिया और सोनम-राजा के बाद अब ओडिशा का 'गीता-शक्ति' कांड, पति का सिर फोड़कर खेत में फेंक दिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।