1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. यूपी: पुलिस कांस्टेबल ने ट्रांसजेंडर को किया किस, VIDEO वायरल हुआ तो हाथ जोड़कर करने लगा मिन्नत, बोला- प्लीज डिलीट कर दो

यूपी: पुलिस कांस्टेबल ने ट्रांसजेंडर को किया किस, VIDEO वायरल हुआ तो हाथ जोड़कर करने लगा मिन्नत, बोला- प्लीज डिलीट कर दो

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 23, 2026 11:30 pm IST,  Updated : Feb 23, 2026 11:30 pm IST

यूपी के कानपुर में एक पुलिस कांस्टेबल ने एक ट्रांसजेंडर को किस कर लिया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल होने के बाद अब पुलिस कांस्टेबल कार्रवाई के डर से घबरा रहा है।

UP Police- India TV Hindi
यूपी पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: यूपी के कानपुर में एक घटना ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल ने एक ट्रांसजेंडर के गाल पर छैला बाबु गाने पर रील बनाने के दौरान किस कर दिया। जानकारी के अनुसार यह घटना महाशिवरात्रि के बाद रविवार को आनंदेश्वर मंदिर के निकट पार्किंग क्षेत्र में हुई बताई जा रही है जहां पुलिसकर्मी मंदिर में आयोजित प्रीतिभोज और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गश्त कर रहे थे। 

ऐसे में ट्रांसजेंडर व्यक्ति, जिसकी इंस्टाग्राम आईडी 'स्मार्टी कौशल' बताई जा रही है, पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाने में व्यस्त थी। उसने पृष्ठभूमि में लोकप्रिय गाना 'छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला... चोर समझी थी मैं, थानेदार निकला...' लगाया और मजेदार अंदाज में वीडियो रिकॉर्ड किया। इसी दौरान जब पुलिसकर्मी को ट्रांसजेंडर ने फ़्रेम में लिया तो उसने झट से उसे चूम लिया।

वीडियो हुआ वायरल

वीडियो में साफ दिख रहा है कि ट्रांसजेंडर पुलिसकर्मियों के आगे-आगे चल रही थी और रील बना रही थी। इसी दौरान कांस्टेबल उसके पास आया और अचानक उसके गाल पर किस कर दिया। यह हरकत वीडियो में कैद हो गई। ट्रांसजेंडर ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया, जिसमें 10 से अधिक पुलिसकर्मी सड़क पर गश्त करते नजर आ रहे हैं। 

देखते ही देखते पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा। कुछ ही समय में वीडियो को 1845 से अधिक लाइक्स, 1009 शेयर्स, 53 रीपोस्ट और 90 कमेंट्स मिले। कई यूजर्स ने कांस्टेबल की इस हरकत पर आपत्ति जताई और इसे अनुचित बताया, जबकि कुछ ने इसे मजाकिया करार दिया और कहा कि साहब ने मौके पर चौका मार दिया। तो कुछ ने कहा कि साहब ने आपदा में अवसर खोज निकाला।

वीडियो के वायरल होने के बाद कांस्टेबल घबरा गया। उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी 'sandeepkumar120799' से पोस्ट पर कमेंट करते हुए ट्रांसजेंडर से सोशल मीडिया पर ही कॉमेंट बॉक्स में मिन्नतें करना शुरू कर दिया, उसने लिखा, "अरे सुनो ये मैं ही हूं। मुझे बहुत प्रॉब्लम हो रही है। नौकरी पर बात आ गई है। प्लीज यार इसे डिलीट कर दो और मेरे पर मैसेज करो।" जब ट्रांसजेंडर ने वीडियो नहीं हटाया, तो कांस्टेबल ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया। यह हरकत विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई का कारण बन सकती है, क्योंकि ड्यूटी के दौरान ऐसी व्यवहार पुलिस की छवि को प्रभावित करता है।

मामले की जानकारी मिलने पर ग्वालटोली थाना क्षेत्र के एसीपी अमित कुमार चौरसिया ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि यह कांस्टेबल ग्वालटोली थाने में तैनात नहीं है। संभवतः वह किसी अन्य थाने से ड्यूटी पर आया होगा या विशेष व्यवस्था के तहत मौजूद था। एसीपी ने कहा कि वीडियो की जगह और कांस्टेबल की पहचान की जांच की जा रही है। विभाग इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और मामले पर अधिकारियों का कहना है कि उचित कार्रवाई की जाएगी।

एक ओर जहां रील बनाने का ट्रेंड युवाओं में लोकप्रिय है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को लोग अपनी छवि और अनुशासन का ध्यान की सलाह देते नजर आ रहे है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।