सोशल मीडिया पर इन दिनों वाराणसी के एक रेस्टोरेंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामला शहर के चेतगंज स्थित 'कंकाल हॉरर रेस्टोरेंट' का बताया जा रहा है, जहां एक बच्चा 'भूत' को देखकर डर गया।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि एक परिवार डिनर के लिए रेस्टोरेंट पहुंचा है। वहां का स्टाफ डरावने लिबास और मुखौटों में लोगों को डराने का काम कर रहा है। इसी बीच, एक 'नकली भूत' टेबल पर बैठे छोटे बच्चे के पास पहुंचकर उसे डराने लगता है। बच्चा इतना खौफजदा हो जाता है कि वह हाथ जोड़कर और रोते हुए अपने पिता से कहता है- "नहीं पापा... नहीं।"
हैरानी की बात यह रही कि बच्चे को इस कदर सहमा हुआ देखने के बावजूद स्टाफ अपनी डरावनी एक्टिंग बंद नहीं करता। वहीं, आस-पास मौजूद लोग बच्चे को उस स्थिति से निकालने के बजाय वीडियो बनाने में मशगूल दिखे।
क्या है इस रेस्टोरेंट का कॉन्सेप्ट?
चेतगंज का यह कैफे अपनी 'हॉरर थीम' के लिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां कम रोशनी, धुआं, दीवारों पर कंकाल और भूत बने स्टाफ माहौल को डरावना बनाते हैं। लोग यहां "हॉरर एक्सपीरियंस" के लिए आते हैं, लेकिन अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस तरह का अनुभव हर उम्र के लिए सही है? खासकर बच्चों के लिए ये कितना सुरक्षित या ठीक है?
वीडियो के वायरल होते ही इंस्टाग्राम पर kankal_horror_restaurant_cafe के कमेंट सेक्शन में लोगों ने रेस्टोरेंट प्रबंधन और बच्चे के माता-पिता को आड़े हाथों लिया है। एक यूजर ने लिखा, "यह मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चे को मानसिक सदमा देना है।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "अगर बच्चा इतना डर रहा है तो उसे और डराने की क्या जरूरत?"
नोट: इस खबर में आपको जो भी जानकारी दी गई है वो सोशल मीडिया पर किए गए दावों पर आधारित है और इंडिया टीवी इनकी पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें-
दूल्हे ने किया ऐसा काम जो जानकर दिल खुश हो जाएगा, Video हो रहा है खूब वायरल
पैराग्लाइडिंग करते समय जो हुआ वो देख सहम जाएंगे कई लोग, देखें वायरल Video