अगर आप सोशल मीडिया यूजर हैं तो इन दिनों आपके फीड पर Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती के तमाम रील और मीम्स देखने को मिल रहे होंगे। जिनमें कोई Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती की तैयारी करवा रहा है तो कोई इस भर्ती में अपने सिलेक्शन का जश्न भी मना रहा है। अब सोचने वाली बात यह है कि आखिर इन दिनों ये Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती का ट्रेंड सोशल मीडिया पर चला कैसे और क्यों इसके मीम और रील इतने वायरल हो रहे हैं। आज हम आपके इसी सवाल का जवाब इस आर्टिकल के जरिए देने जा रहे हैं।
बता दें कि, Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती के ट्रेंड की शुरुआत तब हुई जब विशाल मेगा मार्ट के सिक्योरिटी गार्ड्स की कुछ रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिसमें वे अपनी यूनिफॉर्म में पूरे चौड़ के साथ अपनी नौकरी करते दिखे। कुछ वीडियो में ये गार्ड्स स्टोर के अंदर अपने दोस्तों के साथ मस्ती करते भी दिखे। जिसे देखने के बाद लोग इसे अपने सपनों की नौकरी बताने लगे।
Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती की तुलना UPSC से की गई
वायरल हो रहे मीम्स में Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती की परीक्षा की तुलना UPSC, IIT-JEE, और NEET जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं से की गई। इतना ही नहीं इसके लिए फिजिकल फिटनेस की तुलना भी देश की आर्मी से की गई। कई रील्स ऐसे भी वायरल हुए जिनमें आर्मी की ट्रेनिंग के वीडियो को Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की ट्रेनिंग बता दी गई।
लोगों ने विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड का जॉब अपना ड्रीम जॉब बताया
कुल मिलाकर इसे कुछ ऐसा दिखाया गया जैसे कि यह नौकरी पाना देश की सबसे कठिन उपलब्धि हो। एक मीम में तो इतना तक कह दिया गया कि, "विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट इसलिए छोड़ा क्योंकि उन्हें विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिल गई।" इसी के साथ इस मीम में Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने कोहली की फोटो भी दिखाई गई। कई मीम्स में तो UPSC के सिलेबस को Vishal Mega Mart के सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती का सिलेबस बता दिया गया।
क्यों ट्रेंड कर रहा है विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती
अब बात कर लेते हैं कि ये मीम और रील भला सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रहे हैं। दरअसल, विशाल मेगा मार्ट ने 2025 में देशभर में बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान की घोषणा की थी। विशाल मेगामार्ट ने अपने 645 से अधिक स्टोर्स के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स की हजारों रिक्तियों की घोषणा की। जिसकी जानकारी व्हाट्सएप, टेलीग्राम, और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म्स पर खूब शेयर की गईं। बस यहीं से शुरू हुआ इस भर्ती का मजाक बनना।
भारत में नौकरियों की तंगी
सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड इस बात को साबित करते दिखता है कि भारत में जॉब मिलना कितना मुश्किल है। छोटे शहरों में, जहां रोजगार के अवसर ना के बराबर हैं। वहीं, विशाल मेगा मार्ट जैसे रिटेल चेन में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी को स्थिर, सम्मानजनक, और घर के पास का रोजगार माना जाता है और इस नौकरी को पाने के लिए भी भारत में तगड़ी प्रतिस्पर्धा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ये मीम्स इस वास्तविकता को व्यंग्य के साथ पेश कर रहे हैं। जहां दिखाया जा रहा है कि लोगों के बचपन का एकमात्र सपना यहीं था कि वे मेहनत करके कैसे भी विशाल मेगा मार्ट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी पा लें।
"एक ही सपना – विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड का जॉब हो अपना"
कई रील्स और मीम में लिखा गया कि "एक ही सपना – विशाल मेगा मार्ट सिक्योरिटी गार्ड का जॉब हो अपना" कई जगहों पर तो लोगों ने यह भी लिखा कि "JEE/NEET छोड़ो, विशाल मेगा मार्ट गार्ड बनो।" इसे लेकर कई लोग नकली "भर्ती परीक्षा" की तैयारी, हाइट टेस्ट, या कीचड़ में रेंगने जैसे मजाकिया सीन के साथ रील्स भी बना रहे हैं। जिसकी वजह से इस ट्रेंड को और भी बढ़ावा मिला है। इन मीम्स और रिल्स को लेकर यूजर्स के रिएक्शन भी कमाल के रहे हैं। जहां कई लोगों ने यह कहा कि इस ट्रेंड ने विशाल मेगा मार्ट का प्रचार मुफ्त में कर दिया, क्योंकि कंपनी बिना किसी निवेश के लाखों लोगों तक पहुंच गई। वहीं, कुछ लोगों ने कहा- "इंटरनेट इतना रैंडम है, ये तो विशाल मेगा मार्ट को भी नहीं पता था कि उन्हें फ्री में इतना प्रचार मिलेगा।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें-
मारा श्याम को लगी घनश्याम को! स्टंट करते शख्स का Video आप भी देखें, हैरान हो जाएंगे
ऐसी बारात तो किसी ने सपने में भी नहीं देखी होगी, Video देख आप भी हो जाएंगे हैरान