1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बर्दवान में मंत्री के घर के पास एक ही रात 5 घरों में चोरी, CCTV और गार्ड के बावजूद हुई वारदात, चार पुलिस के शिकंजे में

बर्दवान में मंत्री के घर के पास एक ही रात 5 घरों में चोरी, CCTV और गार्ड के बावजूद हुई वारदात, चार पुलिस के शिकंजे में

 Published : Sep 20, 2026 02:23 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 02:25 pm IST

बर्दवान की उल्लास उपनगरी में एक ही रात पांच घरों में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया था। मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है और अब चोरी के सामान की बरामदगी की जा रही है। इसी के साथ आगे की जांच भी शुरू हो गई है।

Burdwan theft case- India TV Hindi
बर्दवान के उल्लास उपनगरी में चोरी Image Source : REPORTER INPUT

बर्दवान के उल्लास उपनगरी में मंत्री के घर के पास एक ही रात में लगातार पांच घरों में हुई चोरी के मामले में बर्दवान थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चारों युवकों को रविवार को बर्दवान जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए आरोपियों की आठ दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।

लगातार कई घरों में चोरी की घटनाएं

जानकारी के अनुसार, बीते 15 सितंबर की देर रात और 16 सितंबर की सुबह पश्चिम बंगाल के बर्दवान स्थित उल्लास उपनगरी के गेट नंबर-2 के पास लगातार कई घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग इलाज के सिलसिले में और कुछ लोग घूमने के लिए घर से बाहर थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि एक घर की ऊपरी मंजिल पर परिवार के सदस्य मौजूद थे, जबकि चोरों ने नीचे की मंजिल में चोरी कर ली।

CCTV और गार्ड के बावजूद हुई वारदात?

कम से कम दो घरों से करीब 50 हजार रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत सामने आई थी। एक के बाद एक कई घरों में चोरी की घटना से पूरे आवासीय परिसर में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने उपनगरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि परिसर में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद बाहरी लोग कैसे प्रवेश कर गए और एक के बाद एक घरों में चोरी करके निकल गए, यह स्पष्ट नहीं है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस ने प्रभावित घरों का निरीक्षण करने के साथ पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र पावर, मित आदिवासी, दीपक कुमार और विकास कारे के रूप में हुई है। चारों बिहार के भागलपुर जिले के हनुमानचक थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोलगड़िया फाटक इलाके के रहने वाले बताए गए हैं।

आरोपियों से चोरी गए सामान की बरामदगी

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपियों ने इससे पहले किसी अन्य इलाके में इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

एक ओर मंत्री के आवास के नजदीक एक ही रात में पांच घरों में चोरी होना। वहीं, दूसरी ओर परिसर में सुरक्षा गार्ड तथा सीसीटीवी की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक की भी जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः रेजिनगर उपचुनाव, हुमायूं कबीर के बेटे को नहीं मिली 'बांसुरी', अब टेबल सिंबल से लड़ना होगा चुनाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।