1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल में अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग को लेकर कुड‍़मी समुदाय का प्रदर्शन, रद्द करनी पड़ीं 85 ट्रेनें

बंगाल में अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग को लेकर कुड‍़मी समुदाय का प्रदर्शन, रद्द करनी पड़ीं 85 ट्रेनें

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Apr 06, 2023 09:31 pm IST,  Updated : Apr 06, 2023 09:31 pm IST

दक्षिण-पूर्वी रेलवे की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, गुरुवार को रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस, हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

85 Trains Cancelled, Kudmi Community, Kudmi Protest, Kudmi Protest West Bengal- India TV Hindi
कुड़मी समुदाय के प्रदर्शन के चलते 85 ट्रेनें कैंसिल कर दी गईं हैं। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

झारग्राम: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग को लेकर कुड़मी समुदाय के विभिन्न संगठनों के सड़क और रेल रोको अभियान के दूसरे दिन गुरुवार को 85 ट्रेनें रद्द करनी पड़ गईं। अधिकारियों ने बताया कि कुड़मी समुदाय के प्रदर्शन की वजह से सैकड़ों गाड़ियां सड़कों पर भी फंसी रह गईं। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन कुड़मी समाज पश्चिम बंगाल द्वारा खड़गपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के खेमासुली में मंगलवार सुबह 6 बजे शुरू हुआ और लोगों ने कोलकाता को मुंबई से जोड़ने वाले पुराने नेशनल हाइवे 6 की नाकाबंदी कर दी।

कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी हुई रद्द

अधिकारियों ने बताया कि कुड़मी समुदाय का एक अन्य संगठन आदिवासी कुड़मी समाज भी बुधवार को विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद खड़गपुर-टाटानगर खंड में खेमासुली स्टेशन और पुरुलिया जिले के आद्रा-चांडिल खंड में कुस्तौर स्टेशन पर रेलवे पटरियों को अवरुद्ध कर दिया गया। दक्षिण-पूर्वी रेलवे की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, गुरुवार को रद्द की गई ट्रेनों में हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस, हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची एक्सप्रेस, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई सीएसएमटी मेल एक्सप्रेस और संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस शामिल हैं।

सड़कों पर भी फंसे सैकड़ों लोग
दक्षिण-पूर्वी रेलवे ने कहा कि पुरी-नयी दिल्ली एक्सप्रेस, मुंबई-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस और जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस भी रद्द की गयीं। बुधवार से लेकर अब तक कुल 158 ट्रेनों को रद्द किया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, नेशनल हाइवे 6 पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं, जिससे पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम जिलों में आस-पास की सड़कों पर भी भारी जाम लग गया है। उन्होंने कहा कि कुछ गाड़ियों को नाकाबंदी से बचने के लिए झारग्राम में बलीभाषा के रास्ते रवाना किया जा रहा था। सड़कों पर फंसे हुए वाहनों के चालकों ने कहा कि उन्हें खाने और पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

अभी OBC में आता है कुड़मी समाज
बता दें कि कुड़मी समुदाय को वर्तमान में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का दर्जा प्राप्त है, और वह अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग को लेकर दक्षिण दिनाजपुर, पुरुलिया, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।