1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ED दफ्तर में अभिषेक बनर्जी से 11 घंटे चली पूछताछ, बाहर निकलकर बोले- 'गला काट दें, मैं नहीं झुकूंगा"

ED दफ्तर में अभिषेक बनर्जी से 11 घंटे चली पूछताछ, बाहर निकलकर बोले- 'गला काट दें, मैं नहीं झुकूंगा"

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Malaika Imam
 Published : Jun 15, 2026 11:43 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 12:03 am IST

ED ऑफिस से बाहर निकलने के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मेरा गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा बीजेपी द्वारा उनकी पार्टी तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

Abhishek Banerjee- India TV Hindi
अभिषेक बनर्जी Image Source : PTI

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी 10 घंटे से ज्यादा समय बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ऑफिस से निकले। उन्हें सोमवार को प्राइमरी टीचर भर्ती भ्रष्टाचार मामले में बुलाया गया था। अभिषेक बनर्जी सुबह 11 बजे सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी ऑफिस पहुंचे थे। रात9.56 बजे बाहर निकले।

"पार्टी तोड़ने की कोशिश की जा रही"

पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस केस में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया था उनमें से ज्यादातर लोगों को बेल मिल चुकी है। फिर भी उन्हें बुलाया जा रहा है। बीजेपी द्वारा उनकी पार्टी तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

"राजनीतिक दबाव है या नहीं, यह मैं नहीं कहूंगा"

अभिषेक बनर्जी ने कहा, "कल भी मुझसे 8 से 8.30 घंटे पूछताछ हुई थी और आज फिर 11 घंटे पूछताछ की गई। यह केस साल 2023 का है और मैं अब तक 10 से 12 बार एजेंसी के सामने हाजिर हो चुका हूं। इस मामले में राजनीतिक दबाव है या नहीं, यह मैं नहीं कहूंगा, लेकिन भाजपा के बारे में जितना कम कहा जाए, उतना ही अच्छा है।"

"गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा"

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आगे कहा, "एक तरफ वे लोग पार्टी तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ चुनाव के बाद हिंसा की। मेरा गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा।" सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, "जितने लोगों को गिरफ्तार किया गया था, सभी निकल गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हम चाहते थे कि निष्पक्षता से सभी को नौकरी मिले। आगे भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, तो पहुंचेंगे।"

अन्य आरोपियों के बयानों से मिलान

ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी पूछताछ प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है। पूछताछ के दौरान बनर्जी के बयानों को सत्यापित किया जाएगा और इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के साक्ष्यों व बयानों से उनका मिलान किया जाएगा।

ईडी अधिकारी के अनुसार, "हमारा पूरा ध्यान धन के लेन-देन की पूरी कड़ियों को जोड़ने पर है। हम यह पता लगा रहे हैं कि इस अकूत धन का प्रबंधन किसने किया, इसे विभिन्न बैंक खातों और फर्जी संस्थाओं के माध्यम से कैसे ट्रांसफर किया गया, और क्या इसके असली स्रोत को छिपाने के लिए लेन-देन को कई स्तरों से गुजारा गया था।"

ये भी पढ़ें-

RG कर मेडिकल कॉलेज में रेप और मर्डर के केस में एक्टिव हो गई CBI, प्रिंसिपल के कमरे में पहुंचे अधिकारी

TMC नेता कुणाल घोष पर फेंके गए अंडे, ममता बनर्जी के घर के बाहर हमला; सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।