1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अभिषेक बनर्जी की बागियों को चुनौती, ''दीदी का साथ छोड़ने वाले वापस आएं तो पार्टी से इस्तीफा देने को तैयार''

अभिषेक बनर्जी की बागियों को चुनौती, ''दीदी का साथ छोड़ने वाले वापस आएं तो पार्टी से इस्तीफा देने को तैयार''

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jul 18, 2026 06:41 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 07:06 pm IST

तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले बागियों की जमकर आलोचना की और आरोप लगाया कि वे ईडी और सीबीआई की डर से टीएमसी छोड़ रहे हैं।

अभिषेक बनर्जी- India TV Hindi
अभिषेक बनर्जी । फाइल Image Source : PTI

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी छोड़ने वाले बागियों पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों के डर से पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं या फिर बागी गुट में जा रहे हैं। बागियों की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि बागी डरे हुए हैं और केवल डरे हुए लोग ही हार मानते हैं। 

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जिन लोगों ने केंद्रीय जांच एजेंसियों से समन मिलने के बाद अपना राजनीतिक पाला बदला, उन्होंने ऐसा डर के कारण किया। हर किसी को अपना फैसला लेने और जहां चाहे वहां जाने का अधिकार है। लेकिन अगर कोई ईडी का समन मिलते ही पाला बदल लेता है तो यह साफ है कि वह लड़ना नहीं चाहता। 

अभिषेक बनर्जी ने बागियों को दी चुनौती

बागियों को चुनौती देते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, "जो लोग पार्टी छोड़कर चले गए और आज मुझ पर आरोप लगा रहे हैं या मुझे बुरा-भला कह रहे हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे दीदी (ममता बनर्जी) के पास वापस आ जाएं। अगर वे ऐसा करते हैं तो मैं एक घंटे के अंदर पार्टी से इस्तीफ़ा दे दूंगा। लेकिन मैं जानता हूं वे ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने बीजेपी के साथ डील की है। पार्टी छोड़ो, बागी खेमे या बीजेपी में शामिल हो जाओ, ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों से सुरक्षा लो और फिर अभिषेक बनर्जी पर आरोप लगाओ और उन्हें बुरा-भला कहो। यह बागियों की आदत हो चुकी है"।

अभिषेक बोले- मेरे खिलाफ इतने FIR हैं कि मुझे खुद सही संख्या नहीं पता 

अभिषेक ने अपने खिलाफ चल रही कई जांचों का भी जिक्र किया और कहा कि उन्हें बार-बार समन मिले हैं लेकिन वे कभी 'भागे' नहीं। मुझे भी ED ने समन भेजा है। मैं भागा नहीं। मुझे लगभग 10 बार बुलाया गया है। CBI, STF और राज्य पुलिस ने भी मुझे समन भेजा है। मेरे खिलाफ 20-30 FIR दर्ज हैं। मुझे खुद सही संख्या नहीं पता। मैंने हाई कोर्ट में अर्ज़ी देकर DGP से मेरे ख़िलाफ़ दर्ज सभी FIR की लिस्ट मांगी है। 

ममता ने भतीजे का किया बचाव

इस हफ़्ते की शुरुआत में ममता बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी का ज़ोरदार बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है और वे अगले 50 सालों तक राजनीति में बने रहेंगे। ममता बनर्जी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस का इस्तेमाल करके तृणमूल कांग्रेस से नेताओं को तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर वह पार्टी को फिर से नए सिरे से खड़ा करने के लिए तैयार हैं। 

इनपुट- एएनआई

ये भी पढ़ेंः अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर चला बुलडोजर, कुछ दिन पहले दी गई थी नोटिस

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।