आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आज सुबह कोयले की खदान धंस गई। बीजेपी के सांसद अजय पोद्दार के मुताबिक इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह हादसा अज सुबह 7.45 बजे उस वक्त हुआ जब लोग रैटहोल से कोयला निकाल रहे थे। उसी दौरान खदान धंस गई।
बड़े सिंडिकेट का आरोप
सांसद अजय पोद्दार के मुताबिक रैटहोल से कोयला निकालने का एक बड़ा सिंडिकेट है। इसमें पुलिस और माफिया भी शामिल है। ये लोग अवैध तरीके से खनन करवाते हैं लेकिन बेचारे गांव वाले इस सिंडिकेट में फंसकर मौत के मुंह में चले जाते हैं।
सूत्रों के मुताबिक हादसे के समय 5 से 6 लोग खदान के अंदर मौजूद थे। लोगों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं इसलिए पोकलेन की मदद से राहत और बचाव का काम चलाया जा रहा है।
इससे पहले भी कई बार बोडरा के इस कोयला खदान में चौल गिरने की घटना हो चुकी है, जिसमे दबने से कई लोगों की जान चली गई है। इसके बावजूद कोयला माफियाओं द्वारा इस खदान से अवैध रूप से कोयला की उतखनन और उसकी तस्करी कम नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि रोजना करीब 3 से 4 ट्रक कोयला निकालकर इलाके में स्थित कोयला भटठों मे खपाने का काम काफी जोर शोर से चल रहा है।