कोलकाताः पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने टीएमसी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। राज्य के पूर्व खाद्य मंत्री ने पार्टी को एक पत्र लिखकर अपने इस्तीफे की जानकारी दी है। ज्योति प्रिय मल्लिक को पिछले शनिवार को नेशनल वर्किंग कमेटी का सदस्य बनाया गया था। ज्योति प्रिय मल्लिक ने पत्र में बताया है कि वह अपनी शारीरिक बीमारी के कारण पार्टी छोड़ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व मंत्री ने कहा, "मेरा ब्लड शुगर लेवल 350 से ज़्यादा है और मेरी किडनी भी खराब हो गई हैं। इस हालत में मैं पार्टी की किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं हो सकता। इसीलिए मैंने सभी पदों से इस्तीफ़ा दे दिया है। वहीं, जानकार लोगों का मानना है कि यह इस्तीफ़ा इस एहसास की वजह से दिया गया है कि तृणमूल की नाव डूब रही है और अब वापसी की कोई गुंजाइश नहीं बची है।
टीएमसी में लंबे समय से कर रहे थे काम
ममता बनर्जी ने कई बार सार्वजनिक मंचों से कहा था कि बालू को फंसाया गया है। हाबरा में 2026 के कैंपेन के दौरान उन्होंने कहा था, "बालू ने मेरी कैबिनेट में सबसे अच्छा काम किया।" भ्रष्टाचार के आरोपों और जेल जाने के बावजूद उन्होंने उन्हें फिर से चुनाव मैदान में उतारा था, हालांकि वे जीत नहीं पाए। तब से ज्योतिप्रिय बहुत कम ही सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं। फिर भी ममता बनर्जी को भरोसा था कि बालू मुश्किल समय में उनका साथ नहीं छोड़ेंगे। इसीलिए उन्होंने पिछले शनिवार को ही उन्हें पार्टी की नेशनल वर्किंग कमेटी में शामिल किया था।
टीएमसी नेता भोला सिंह गिरफ्तार
वहीं, पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल अंतर्गत सलानपुर क्षेत्र में कथित अवैध पत्थर खदान संचालन से जुड़े मामले में सलानपुर ब्लॉक में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता विजय सिंह उर्फ भोला सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के पांचगाछिया इलाके से उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सलानपुर थाना पुलिस उन्हें रात में कुल्टी थाना लेकर आई। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने भोला सिंह को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ेंः कोयला तस्करी मामले में पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल गिरफ्तार, ADPC स्पेशल ब्रांच में थे तैनात
पश्चिम बंगाल के इन 5 जिलों में अगले एक हफ्ते तक होने वाली भारी बारिश, IMD अलर्ट जारी