1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बाराबनी की नूनी पंचायत में BJP की ऐतिहासिक जीत; ऋतु बाउरी बनीं प्रधान, कार्यकर्ताओं ने अबीर उड़ाकर मनाया जश्न

बाराबनी की नूनी पंचायत में BJP की ऐतिहासिक जीत; ऋतु बाउरी बनीं प्रधान, कार्यकर्ताओं ने अबीर उड़ाकर मनाया जश्न

 Published : Sep 12, 2026 10:32 pm IST,  Updated : Sep 12, 2026 10:32 pm IST

बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के नूनी पंचायत में नए प्रधान और उपप्रधान का चुनाव हुआ। पंचायत के सभी सदस्यों की मौजूदगी में हुए चुनाव में ऋतु बाउरी प्रधान और सीमा मंडल उपप्रधान चुनी गईं। नए प्रधान के चुने जाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर खुशी मनाई।

नूनी पंचायत में बीजेपी के नए प्रधान, कार्यकर्ताओं ने खेली अबीर- India TV Hindi
नूनी पंचायत में बीजेपी के नए प्रधान, कार्यकर्ताओं ने खेली अबीर Image Source : INDIA TV

पश्चिम बंगाल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के नूनी पंचायत में नए प्रधान और उपप्रधान का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पंचायत के सभी सदस्यों की मौजूदगी में हुए इस चुनाव में ऋतु बाउरी को सर्वसम्मति से प्रधान और सीमा मंडल को उपप्रधान चुना गया। नूनी पंचायत में पहली बार बीजेपी के प्रधान बनने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह छा गया और उन्होंने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया।

15 वर्षों के भ्रष्टाचार पर लगेगी रोक: अमल राय

इस मौके पर बाराबनी के विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से पंचायत में भ्रष्टाचार हुआ है और विकास कार्यों के बजाय कटमनी ली गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद पहली बार नूनी पंचायत में बीजेपी का प्रधान चुना गया है और अब पंचायत में विकास कार्य होंगे। 

आवास योजना और सड़कों का सुधार प्राथमिकता

बीजेपी जिला कमेटी के नेता उज्ज्वल धीवर ने इसे नूनी के निवासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि नूनी के लोगों के लिए आज का दिन बेहद खुशी का है। उन्होंने सभी पात्र लोगों को आवास योजना के तहत घर दिलाने के साथ-साथ विभिन्न इलाकों में सड़क और निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही।

बिना किसी भेदभाव के होगा विकास: नवनिर्वाचित प्रधान

नवनिर्वाचित प्रधान ऋतु बाउरी ने कहा कि वह ईमानदारी और निष्ठा के साथ पंचायत के लोगों के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी से जुड़े लोगों की समस्या हो, उसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में बाराबनी बीजेपी मंडल-2 के नेता सोना बनर्जी सहित बीजेपी के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

बंगाल की दो सीटों पर होगा उपचुनाव

पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों, नंदीग्राम और रेजिनगर पर उपचुनाव होने वाले हैं। छह अक्टूबर को दोनों सीटों पर वोटिंग होगी और नौ अक्टूबर को नतीजे आएंगे। कहा जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी की छोड़ी हुई सीट नंदीग्राम से ममता बनर्जी चुनाव लड़ सकती हैं। इन सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख 16 सितंबर 2026 है और नाम वापसी लेने की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026 है।बता दें कि भाजपा के शासन काल में ये पहला विधानसभा उपचुनाव होगा।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव, कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, जानें कैंडिडेट्स के नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।