1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के इन जिलों में 19 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

पश्चिम बंगाल के इन जिलों में 19 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 17, 2025 08:42 pm IST,  Updated : Sep 17, 2025 08:47 pm IST

पश्चिम बंगाल में 19 सितंबर तक कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंट अलर्ट जारी किया है।

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट Image Source : PTI

कोलकाताः पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों को बादल गरजने और आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का सामना करना पड़ सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों-दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार व अलीपुरद्वार में 19 सितंबर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और कलिम्पोंग के लिए भी 18 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, पूर्वी बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और पुरुलिया जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है।

उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, नादिया, मुर्शिदाबाद, मालदा, दक्षिण और उत्तर दिनाजपुर, बांकुड़ा, पुरुलिया, बर्धमान, बीरभूम और पूर्वी व पश्चिमी मिदनापुर में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिणी दिनाजपुर और मालदा ज़िलों में भी गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

यहां पर बुधवार को भी हुई बारिश

आईएमडी ने बताया कि बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में कूचबिहार में सबसे अधिक 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जलपाईगुड़ी में 56 मिलीमीटर और अलीपुरद्वार में 55 मिलीमीटर पानी बरसा। इस बीच, कोलकाता में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक था, जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था।

‘दार्जिलिंग टॉय ट्रेन’ सेवा बृहस्पतिवार को फिर से होगी शुरू 

वहीं, भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से दो दिनों तक निलंबित रही लोकप्रिय दार्जिलिंग टॉय ट्रेन की सेवाएं बृहस्पतिवार को फिर से शुरू होंगी। एक अधिकारी ने बताया कि मार्ग पर मुख्यतः तिनबत्ती और तिंधरिया स्टेशनों के बीच हुए मामूली भूस्खलन के बाद एहतियात के तौर पर न्यू जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के बीच दो दिनों के लिए सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे 1889 से 1927 के बीच निर्मित हेरिटेज स्टीम लोको और आधुनिक डीजल इंजनों का संचालन करता है, जो पर्यटकों के बीच व्यापक रूप से लोकप्रिय हैं।

इनपुट- भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।