1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कैटरिंग वाहन ने IndiGo प्लेन के इंजन को मारी टक्कर, ड्राइवर की होगी मेडिकल जांच, देखें VIDEO

कैटरिंग वाहन ने IndiGo प्लेन के इंजन को मारी टक्कर, ड्राइवर की होगी मेडिकल जांच, देखें VIDEO

 Published : Apr 07, 2026 11:43 pm IST,  Updated : Apr 07, 2026 11:47 pm IST

एयरपोर्ट पर कैटरिंग गाड़ी ने IndiGo के Airbus A320 विमान के इंजन को टक्कर मार दी। हादसे में इंजन को भारी नुकसान हुआ और विमान कुछ दिनों के लिए सेवा से बाहर हो सकता है। घटना के बाद ड्राइवर की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।

IndiGo plane accident Kolkata, Airbus A320 engine damage, Kolkata airport incident- India TV Hindi
टक्कर से विमान के इंजन को काफी नुकसान हुआ है। Image Source : REPORTER INPUT

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में कोलकाता एयरपोर्ट पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कैटरिंग सर्विस की गाड़ी ने खड़े इंडिगो के एयरबस A320 विमान के दाहिने इंजन को टक्कर मार दी। इस घटना में विमान को काफी नुकसान पहुंचा है। सूत्रों के मुताबिक, हादसा रात करीब 9:35 बजे हुआ। उस समय विमान तय पार्किंग स्थान पर खड़ा था। इसी दौरान एक एसयूवी जैसी गाड़ी वहां पहुंची और विमान के दाहिने इंजन के पिछले हिस्से से टकरा गई। घटना के बाद एयरलाइन के इंजीनियरों ने तुरंत नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

गाड़ी के ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया

शुरुआती जानकारी के अनुसार, इंजन को गंभीर नुकसान हुआ है, जिसके कारण विमान को कुछ दिनों के लिए सेवा से बाहर रखा जा सकता है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कैटरिंग गाड़ी के ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की थकान की वजह से हुआ या वह नशे में था। फिलहाल, इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पिछले हफ्ते इंडिगो की फ्लाइट में मिला था 'लेटर'

बता दें कि पिछले हफ्ते मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में 'खतरा' लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके कारण फ्लाइट को 8 घंटे से अधिक देरी से रवाना होना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद विमान को तुरंत एक अलग स्थान पर ले जाया गया। वहां यात्रियों, उनके सामान और पूरे विमान की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

IndiGo plane accident Kolkata, Airbus A320 engine damage, Kolkata airport incident
Image Source : REPORTER INPUTकैटरिंग वाहन के ड्राइवर की मेडिकल जांच होनी है।

कुछ दिन पहले इंडिगो विमान के इंजन में आई थी खराबी

वहीं, कुछ दिन पहले विशाखापत्तनम से दिल्ली जा रहा इंडिगो का विमान इंजन में खराबी के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा था। सूत्र ने बताया कि बोइंग 737 विमान में 160 यात्री सवार थे। उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम' के अनुसार, विमान 28 मार्च को पूर्वाह्न 10 बजकर 59 मिनट पर उतरा था। घटना के बाद इंडिगो के एक प्रवक्ता ने कहा था,'सभी संबंधित प्राधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया और विमान की आवश्यक जांच एवं रखरखाव किया जा रहा है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।