1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इंडिगो ने फिर बढ़ाया फ्लाइट का किराया, ₹10,000 तक पहुंचा फ्यूल सरचार्ज, ATF महंगा होने से लिया फैसला

इंडिगो ने फिर बढ़ाया फ्लाइट का किराया, ₹10,000 तक पहुंचा फ्यूल सरचार्ज, ATF महंगा होने से लिया फैसला

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 01, 2026 08:50 pm IST,  Updated : Apr 01, 2026 08:50 pm IST

एटीएफ की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में शेड्यूल्ड एयरलाइन कंपनियों के लिए एटीएफ का दाम 96,638.14 रुपये से बढ़कर 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है।

indigo, indigo ticket price hike, indigo Fares hike, Fuel Surcharge, atf, air india, crude oil, crud- India TV Hindi
दिल्ली में 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हुई एटीएफ की कीमत Image Source : PTI

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने एक बार फिर फ्लाइट का किराया बढ़ा दिया है। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने ATF के दाम बढ़ा दिए। एटीएफ की कीमतें बढ़ने की वजह से इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज में बदलाव करते हुए इसे 10,000 रुपये तक कर दिया है। इंडिगो का नया फ्यूल सरचार्ज 2 अप्रैल से बुक की जाने वाली प्रत्येक सीट पर लागू होगा। बताते चलें कि शेड्यूल्ड एयरलाइन कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमतों में 8.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जबकि नॉन-शेड्यूल्ड कंपनियों के लिए कीमतों में लगभग 115 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

दिल्ली में 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हुई एटीएफ की कीमत

एटीएफ की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में शेड्यूल्ड एयरलाइन कंपनियों के लिए एटीएफ का दाम 96,638.14 रुपये से बढ़कर 1,04,927 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। जबकि, नॉन-शेड्यूल्ड कंपनियों के लिए दिल्ली में 1 किलोलीटर एटीएफ की कीमत 96,638.14 रुपये से बढ़कर 2,07,341.22 रुपये हो गई है। बताते चलें कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि भारत में एटीएफ की कीमतें 2 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। बताते चलें कि किसी भी एयरलाइन कंपनी के लिए एटीएफ की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी काफी मायने रखती है। एक एयरलाइन कंपनी के कुल खर्च में एटीएफ का 40 प्रतिशत हिस्सा होता है।

इंडिगो के यात्रियों को अब कितना चुकाना होगा फ्यूल सरचार्ज

इंडिगो ने बुधवार को कहा कि एटीएफ की कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद घरेलू फ्लाइट्स के लिए 275 रुपये से लेकर 950 रुपये प्रति सीट तक का फ्यूल सरचार्ज वसूला जाएगा। जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक प्रति सीट होगा। बताते चलें कि इंडिगो ने मिडिल-ईस्ट में युद्ध शुरू होने के बाद इंडिगो ने 14 मार्च से फ्यूल सरचार्ज की वसूली शुरू की थी। इंडिगो ने उस समय सभी डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए 425 रुपये का फ्यूल सरचार्ज फिक्स किया था, जिसे अब दूरी के हिसाब से 275 रुपये से 950 रुपये तक कर दिया गया है। इसी तरह, इंडिगो ने मार्च में इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए दूरी के हिसाब से 425 रुपये से 2300 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज घोषित किया था, जिसे बढ़ाकर अब 900 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक कर दिया है।

ये भी पढ़ें-

IndiGo ने 2300 रुपये तक बढ़ाया फ्लाइट का किराया, यात्रियों को चुकाना होगा फ्यूल चार्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा