1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दीवारों पर नारे लिखने के बजाय सोशल मीडिया का करें इस्तेमाल, जादवपुर यूनिवर्सिटी के वीसी की छात्रों को बड़ी सलाह

दीवारों पर नारे लिखने के बजाय सोशल मीडिया का करें इस्तेमाल, जादवपुर यूनिवर्सिटी के वीसी की छात्रों को बड़ी सलाह

 Published : Sep 02, 2026 02:47 pm IST,  Updated : Sep 02, 2026 02:47 pm IST

जादवपुर विश्वविद्यालय के वीसी चिरंजीव भट्टाचार्य ने परिसर की दीवारों पर विवादित नारे लिखने से बचने की सलाह देते हुए छात्रों से अपनी राय सोशल मीडिया पर रखने की अपील की है।

जादवपुर यूनिवर्सिटी के वीसी की छात्रों को बड़ी सलाह- India TV Hindi
जादवपुर यूनिवर्सिटी के वीसी की छात्रों को बड़ी सलाह Image Source : PTI

जादवपुर विश्वविद्यालय के वीसी चिरंजीव भट्टाचार्य ने परिसर की दीवारों पर लगातार हो रही लिखावट को लेकर छात्रों से एक खास अपील की है। उन्होंने छात्रों से विश्वविद्यालय की दीवारों पर नारे लिखने और पेंटिंग करने से परहेज करने को कहा है। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया है कि दीवारों पर अपनी बातें लिखने की बजाय आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी राय रख सकते हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों को परिसर को स्वच्छ और शांतिपूर्ण बनाए रखते हुए संस्थान की स्वतंत्र विचार और अभिव्यक्ति की पुरानी परंपरा को बरकरार रखना चाहिए। 

जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति ने एक खुले पत्र के माध्यम से अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि इन सुझावों का उद्देश्य किसी भी छात्र की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी लगाना बिल्कुल भी नहीं है, बल्कि इसका मकसद संस्थान की विरासत और माहौल को बचाकर रखना है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों और शिक्षकों दोनों को मिलकर कैंपस को स्वच्छ, शांत और सुंदर बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से इसी संतुलन को बनाए रखने की अपील की है। 

बता दें हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विश्वविद्यालय के कला संकाय में दीवारों पर लिखे नारों की कड़ी आलोचना की थी और उन्होंने परिसर से इन देश-विरोधी नारों को हटाने का निर्देश दिया था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीवारों पर लिखे विवादित नारों को सफेद रंग से पेंट कराकर हटवा दिया था। हालांकि परिसर की दीवारों पर फिर से नए नारे लिख दिए गए हैं। इसी सिलसिले में अब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से रचनात्मक और डिजिटल माध्यमों से जुड़ने की अपील की है ताकि परिसर की सुंदरता और अनुशान बना रहे। 

किन नारों को लेकर हुआ था विवाद?

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के कला संकाय की दीवारों पर लिखे 'किशनजी को लाल सलाम' और 'कश्मीर आजादी चाहता है' जैसे नारों पर आपत्ति जताई थी। बता दें किशनजी एक शीर्ष माओवादी नेता थे, जिसे 2011 में पुलिस ने मार गिराया था। यह घटना पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने के कुछ महीनों बाद हुई थी। मुख्यमंत्री ने ऐसे ऐसे नारों को आपत्तिजनक बताते हुए उनकी तुलना कचरे से की थी। उन्होंने कहा था कि यादवपुर विश्वविद्यालय में इस तरह की संस्कृति के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें:

पश्चिम बंगाल सरकार ने उठाया बड़ा कदम, अब हफ्ते के दो दिन सरकारी कार्यालयों में भी लगेगा जनता दरबार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।