1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार IS आतंकियों के साथी को मध्य प्रदेश से पकड़ा

कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार IS आतंकियों के साथी को मध्य प्रदेश से पकड़ा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jan 10, 2023 02:32 pm IST,  Updated : Jan 10, 2023 02:32 pm IST

शुरुआती जांच से पता चला है कि मध्य प्रदेश से पकड़ में आया शख्स प्रतिबंधित संगठन SIMI का पूर्व कार्यकर्ता है और उसके पकड़े गए आईएस आतंकवादियों से संबंध हैं।

Kolkata Police, Kolkata Police Madhya Pradesh, Kolkata Police IS Terrorists- India TV Hindi
कोलकाता पुलिस ने IS आतंकियों के साथी को गिरफ्तार किया है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

कोलकाता: कोलकाता पुलिस ने पूर्व में हावड़ा में गिरफ्तार किए गए इस्लामिक स्टेट (IS) के 2 संदिग्ध आतंकवादियों के एक साथी को मध्य प्रदेश से पकड़ा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया शख्स स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) का सदस्य रह चुका है। विशेष कार्य बल (STF) की टीम ने मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के कोतवाली इलाके में एक ठिकाने पर छापा मारा और सोमवार देर रात 33 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि वह प्रतिबंधित संगठन SIMI का पूर्व कार्यकर्ता है और उसके पकड़े गए आईएस आतंकवादियों से संबंध हैं। अधिकारी ने कहा, ‘गिरफ्तार किए गए 2 आतंकवादियों के साथ उसका संबंध आतंकी संगठन से उसकी संलिप्तता की ओर इशारा करता है। उसका पहले कट्टरपंथी संगठनों से जुड़ाव रहा है। हम उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाने की व्यवस्था कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस की STF भी अपनी जांच के तहत पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में छापेमारी कर रही है।

केंद्रीय एजेंसियों से सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने 6 जनवरी को हावड़ा के टिकियापारा इलाके से 2 संदिग्ध IS आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों पाकिस्तान और पश्चिम एशिया में अपने आकाओं के संपर्क में थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक एमटेक इंजीनियरिंग का छात्र है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।