1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'असली तृणमूल कांग्रेस हम, देश बचाओ, बंगाल बचाओ', शहीद दिवस के मंच से बोलीं ममता बनर्जी

'असली तृणमूल कांग्रेस हम, देश बचाओ, बंगाल बचाओ', शहीद दिवस के मंच से बोलीं ममता बनर्जी

 Reported By: Onkar Sarkar Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 21, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 04:03 pm IST

शहीद दिवस के मंच से पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की है। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में सभी को एक साथ आना चाहिए।

शहीद दिवस के मंच पर ममता बनर्जी- India TV Hindi
शहीद दिवस के मंच पर ममता बनर्जी Image Source : X/KIRTIAZAAD

कोलकाता में शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज उमड़ा जनसैलाब बंगाल की जनता के उनके प्रति अटूट विश्वास और स्नेह का प्रमाण है। ममता बनर्जी ने कहा कि हर चुनौती और मुश्किल घड़ी में जनता उनके साथ खड़ी रही है और उनकी पार्टी भी हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है।

असली तृणमूल कांग्रेस हम- ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने कहा, 'जनता का भरोसा हमें प्रेरित करता है, उनका समर्थन हमें मजबूत बनाता है और उनका अटूट विश्वास हमें विनम्रता और संकल्प के साथ उनकी सेवा करते रहने की प्रेरणा देता है। असली तृणमूल कांग्रेस हम हैं।’

देश बचाओ, बंगाल बचाओ- ममता बनर्जी

शहीद दिवस के मंच से ममता बनर्जी ने पार्टी के बागी नेताओं और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि साइन बोर्ड लगाने से कोई असली तृणमूल कांग्रेस नहीं बन जाता। उन्होंने कहा, 'असली तृणमूल कांग्रेस हम हैं।' इस दौरान उन्होंने नारा दिया- ‘असली तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ देश बचाओ, बंगाल बचाओ।’ ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव से पहले कई लोगों ने सेटिंग की थी, लेकिन अब धीरे-धीरे सब कुछ सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर बीजेपी में चले गए हैं, उनमें से सभी को वापस नहीं लिया जाएगा। 

https://x.com/AITCofficial/status/2079492571236122956

हम जेल जाने को तैयार- ममता बनर्जी

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने समर्थकों से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार और बीजेपी विरोधियों पर मामले दर्ज किए जाते हैं तो कार्यकर्ताओं को जेल जाने से डरना नहीं चाहिए। ममता बनर्जी ने कहा, 'हम जेल जाने के लिए तैयार हैं। पूरे राज्य को जेल बना दीजिए। जेल से मत डरिए। जो जेल जाएगा, उसका सम्मान किया जाएगा।' उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मामले दर्ज किए गए हैं और कहा कि इन मामलों में फंसाए गए लोगों के बाहर आने पर उनका सम्मान किया जाएगा।

विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील

ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, 'बंगाल की हर उस राजनीतिक पार्टी से अनुरोध करूंगी जो बीजेपी के खिलाफ है कि वह एक साथ आए।' उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक को एक होकर संघर्ष करना चाहिए और उनके अंदर किसी तरह का अहंकार नहीं है। ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में सभी को साथ आना चाहिए।

ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी लोग जिलों में जाएंगे और जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में नबन्ना और राइटर्स बिल्डिंग के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: 

TMC को कलकत्ता हाई कोर्ट से झटका, फ्रीज 3 बैंक खातों पर ED का शिकंजा रहेगा बरकरार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।