उत्तर भारत के कई राज्यों में हो रही बारिश से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खासा चिंता में हैं। सीएम ममता बनर्जी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश और बिहार में हर जगह बारिश हो रही है और सारा पानी मां गंगा के जरिए फरक्का से हमारे यहां आ रहा है।'
सीएम को कल आने वाले हाई टाइड की चिंता
सीएम ने कहा, 'झारखंड में भी बारिश हो रही है, इसलिए पानी आ रहा है। मुझे कल आने वाले हाई टाइड की चिंता है। जिस तरह से पूजा समितियां मूसलाधार बारिश में पंडालों को पूरा कर रही हैं, वह सराहनीय है।'
सभी भाषाओं का होना चाहिए सम्मान- ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने कहा, 'अनेकता में एकता। हर किसी का अपना धर्म, अपना मार्ग, अपना दर्शन होता है। जब सभी एक जगह एकत्रित होते हैं, तो उसे एकता कहते हैं। हम मां को मां कहते हैं, कोई उन्हें अम्मा कहता है। कोई जल कहता है, कोई उन्हें पानी कहता है। सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए।'
एकजुट नहीं हुए तो टुकड़ों में बंट जाएगा देश
सीएम ने कहा, 'यह वांछनीय नहीं है कि अगर आप बंगाली बोलते हैं, तो आपको सताया जाए! हमारे लोग यहां से इसलिए जाते हैं क्योंकि वे प्रतिभाशाली हैं। अगर हम एकजुट नहीं होंगे, तो देश टुकड़ों में बंट जाएगा। हम ऐसा नहीं चाहते।'
श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब की पूजा का उद्घाटन
बता दें कि कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शनिवार शाम को श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब की पूजा का उद्घाटन करने वाली हैं। मंडप की सजावट न्यूजर्सी के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर की गई है।