कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी विवाद बुधवार को आखिरकार पार्टी की टूट तक पहुंच गया। तृणमूल कांग्रेस के नए गुट की तरफ से पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने ऋतब्रत बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब उनकी पार्टी और जनता के बीच कोई भूमिका नहीं बची है। उन्होंने कहा, 'अभिषेक बनर्जी का पार्टी से अब कोई वास्तविक संबंध नहीं रह गया है। यदि जनता के साथ उनका जुड़ाव होता तो वे 26 दिनों तक सार्वजनिक रूप से गायब नहीं रहते, बल्कि लोगों के बीच आते।'
Related Stories
'जैसे चोरों को पीटा जाता है वैसे उन्हें पीटा गया'
अभिषेक बनर्जी पर व्यंग्यात्मक लहजे में बोलते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने आगे कहा,
'जैसे चोरों को पीटा जाता है वैसे उन्हें पीटा गया। हम में से किसी नेता ने भी न तो केंद्र और न ही राज्य सरकार से सुरक्षा की मांग नहीं की और अभिषेक बनर्जी उस दिन चोरों की तरह पिटाई खाने के बाद कह रहे थे कि आवाम उनकी रक्षा करेगी। फिर देखा गया कि उन्होंने केंद्र सरकार को अपनी सुरक्षा बढ़ाने के लिए पत्र दिया। हम लोग उन्हें लेकर चर्चा नहीं करना चाहते हैं।'
ऋतब्रत बनर्जी ने सम्मान से लिया ममता का नाम
हालांकि, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वे एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने मांग की कि ममता बनर्जी पार्टी की मुख्य सलाहकार के रूप में बनी रहें और अपने अनुभव से संगठन का मार्गदर्शन करती रहें। ऋतब्रत ने कहा, 'जहां तक ममता बनर्जी की बात है तो हम मानते हैं कि ममता बनर्जी बहुत वरिष्ठ नेत्री हैं और हमारी उनसे मांग रहेगी कि वे हमारी मुख्य सलाहकार की तरह हमारी पार्टी का नेतृत्व करती रहें।'
'हमारे पास दो-तिहाई से ज्यादा MLA का समर्थन'
विधायक दल के नेतृत्व को लेकर भी बड़ा दावा करते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस का दो-तिहाई से अधिक विधायक दल 'मैं' नहीं बल्कि 'हम' की भावना में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि सभी संवैधानिक और विधायी नियमों का पालन किया गया है, जिसके कारण उनके समूह को विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के रूप में मान्यता मिली है। उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर 80 विधायक चुने गए थे और उनमें से दो-तिहाई से अधिक विधायकों ने उनके पक्ष में दावा पेश किया है।
बीजेपी नेता ने टीएमसी पर बोला तीखा हमला
ऋतब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता बनाए जाने के समर्थन पर बीजेपी नेता इंद्रनील खान ने भी TMC पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब TMC सत्ता में थी तब युवाओं की नौकरियां छीनी गईं और गरीबों के राशन में भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब लंबे समय तक चलता रहा, लेकिन जनता ने चुनाव में बदलाव लाकर भय की राजनीति को खत्म किया और भरोसे को चुना। भाजपा नेता ने आगे कहा कि TMC के पास कोई स्पष्ट नीति या विचारधारा नहीं है और उसकी राजनीति केवल घोटालों पर आधारित रही है।