West Bengal News: पश्चिम बंगाल के बर्धमान अंडाल में शनिवार को ईसीएल (ECL) के केंदा एरिया अंतर्गत न्यू केंदा कोलियरी की ओसीपी क्वारी-2 में शनिवार शाम हुई बारिश के बाद अचानक हड़कंप मच गया। यहां शनिवार शाम बारिश के बाद अचानक बड़े पैमाने पर धुआं निकलने लगा। धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के गुबार को देखकर आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओसीपी परिसर से भारी मात्रा में धुआं निकलने के कारण सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। ओसीपी के निकट स्थित सालडांगा मंडल पाड़ा और बाउरी पाड़ा में सैकड़ों परिवार निवास करते हैं, जो इस घटना के बाद भयभीत हैं। सुरक्षा को लेकर खड़ी हुई इस गंभीर चिंता के बाद अब स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पुनर्वास की मांग तेज कर दी है।
सालडांगा मंडल पाड़ा निवासी अमरजीत मंडल ने बताया कि करीब आठ महीने पहले भी इसी तरह ओसीपी से धुआं निकलने की घटना हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने ईसीएल प्रबंधन से आसपास के इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि शनिवार को दोबारा धुआं निकलने की घटना सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर है और ईसीएल प्रबंधन को तत्काल इसकी जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
1994 की भयावह दुर्घटना की यादें ताजा
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू केंदा क्षेत्र का इतिहास पहले भी एक बड़ी त्रासदी का गवाह रहा है। 25 जनवरी 1994 को न्यू केंदा कोलियरी में आग लगने की भयावह घटना में एक ही रात में 55 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में एक बार फिर धुआं निकलने की घटना ने लोगों की पुरानी यादों को ताजा कर दिया है और क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने ईसीएल प्रबंधन और प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कराने, धुएं के कारणों का पता लगाने तथा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से पहले आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए।
रिपोर्ट- बिज्जू मंडल
ये भी पढ़ें-