1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ITI खड़गपुर में फांसी के फंदे से लटका मिला छात्र का शव, सुसाइड करने की आशंका

ITI खड़गपुर में फांसी के फंदे से लटका मिला छात्र का शव, सुसाइड करने की आशंका

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 20, 2025 08:03 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 08:10 pm IST

आईआईटी खड़गपुर में एक छात्र का शव शनिवार को उसके कमरे में छत से लटका हुआ पाया गया। जनवरी 2025 के बाद से इस प्रमुख संस्थान में आत्महत्या या संदिग्ध मौत से जुड़ा यह पांचवा मामला है।

 फांसी के फंदे से लटका मिला छात्र का शव- India TV Hindi
फांसी के फंदे से लटका मिला छात्र का शव Image Source : REPORTER INPUT

खड़गपुर: आईआईटी खड़गपुर में एक और छात्र का शव बरामद हुआ है। शनिवार दोपहर बीआर अंबेडकर हॉल से एक छात्र का फंदे से लटका शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर खड़गपुर टाउन थाना अंतर्गत हिजली चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया।

झारखंड का रहने वाला था छात्र

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक 27 वर्षीय हर्ष कुमार पांडे, रांची, झारखंड का रहने वाला था। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग में शोध छात्र था और उसने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश से एमटेक की पढ़ाई पूरी की थी। जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि पोस्टमार्टम के बिना यह स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है कि उसकी मौत कैसे और क्यों हुई।

इस साल सुसाइड का पांचवां संदिग्ध मामला

सूत्रों ने बताया कि मृतक के पिता ने अपने बेटे से फोन पर संपर्क न हो पाने पर आईआईटी सुरक्षाकर्मियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने पांडे का कमरा अंदर से बंद पाया। इसके बाद, स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया और उन्होंने बीआर अंबेडकर हॉल स्थित छात्रावास के कमरे से पांडे का शव बरामद किया। शव को आईआईटी खड़गपुर के बीसी रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आधिकारिक तौर पर पांडे को मृत घोषित कर दिया। यह 2025 में आईआईटी खड़गपुर में छात्रों द्वारा आत्महत्या का पांचवां संदिग्ध मामला है।

सुसाइड रोकने के लिए उठाए गए हैं कई कदम

इस साल की शुरुआत में इसी तरह की मौतों के बाद सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त एक राष्ट्रीय कार्यबल ने आईआईटी खड़गपुर का दौरा किया था। इस बीच, आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने 23 जून को कार्यभार संभालने के बाद छात्रों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए कई कदम उठाए। मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के लिए सेतु ऐप जैसी पहल शुरू की गई। वे 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर छात्रों के साथ मशाल जुलूस में भी शामिल हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।